वर्ष 1968 में आई फिल्म आंखें में महान गीतकार साहिर लुधियानवी ने जो लिखा था और जिसे मोहम्मद रफी साहब ने अपनी जादुई आवाज से अमर कर दिया:
“उस मुल्क की सरहद को कोई छू नहीं सकता…जिस मुल्क की सरहद की निगहबान हैं आंखें।”
उस दौर के सिनेमा में यह जासूसी और देश की सुरक्षा पर बनी एक कल्पना थी। लेकिन आज, जब देश का पहला OptoSAR सैटेलाइट (मिशन दृष्टि) अंतरिक्ष में तैनात हुआ है, तो अंतरिक्ष से 24 घंटे भारत की सीमाओं पर नजर रखने वाली ये ‘डिजिटल आंखें’ वास्तव में इस गीत को सच साबित कर रही हैं।
1. सपना बन गया हकीकत
हम सोच में तब भी आगे थे आज भी हैं। करीब 60 साल पहले एक फिल्म के जरिए जो सपना देखा गया था, आज भारत के युवा वैज्ञानिकों (GalaxEye) और इसरो ने मिलकर उसे आसमान में हकीकत में बदल दिया है।
कह सकते हैं कि इसने पृथ्वी को देखने का एक नया नजरिया दिया है वह भी अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। ‘मिशन दृष्टि’ गैलेक्स आई का पहला सैटेलाइट मिशन है और अंतरिक्ष की कक्षा में ‘OptoSAR’ सैटेलाइट्स की पहली शुरुआत है।
यह एक ही प्लेटफॉर्म पर MSI (ऑप्टिकल कैमरा) और SAR (रडार) को जोड़ने वाला दुनिया का पहला सैटेलाइट है, जो हर मौसम में पृथ्वी की ऐसी सटीक और भरोसेमंद तस्वीरें देगा, जो जमीन पर आते ही तुरंत विश्लेषण के लिए तैयार (Analysis-Ready) होंगी
तब ‘निगहबान आंखें’ देश के जासूस या सीमा पर खड़े सैनिक थे, आज अंतरिक्ष में घूम रहा ‘मिशन दृष्टि’ का OptoSAR सैटेलाइट देश की वो तीसरी आंख बन गया है जिसकी नजर से कोई दुश्मन नहीं बच सकता।
2. इस ‘आंख’ की खासियत (Why it matches the song)
गीत की पंक्ति:“शबनम कभी, शोला कभी, तूफान हैं आंखें…”
तकनीकी जुड़ाव: यह सैटेलाइट भी कुछ ऐसा ही है। चाहे घने बादल (तूफान) हों, रात का अंधेरा हो, या कड़ाके की ठंड—इसकीOptoSAR तकनीक (रडार + कैमरा) हर मौसम और हर परिस्थिति को चीरकर साफ तस्वीरें जमीन पर भेजेगी। यह सरहद की वो निगहबान आंख है जो कभी पलकें नहीं झपकाती।
गैलेक्स आई (GalaxEye) का कहना है: > “एक सैटेलाइट। दो सेंसर। डेटा जो स्वाभाविक रूप से एक दूसरे के अनुकूल है… यह अंतरिक्ष से हर मौसम में पृथ्वी की ऐसी सटीक तस्वीरें देगा, जो तुरंत विश्लेषण के लिए तैयार होंगी।”
देखने के एक नए दौर का पहला कदम। पृथ्वी को एक बिल्कुल नए नजरिए से देखने की दिशा में पहला कदम बढ़ाया जा चुका है। ‘मिशन दृष्टि’ अपनी तरह का पहला और अनूठा मिशन है; यह एक ऐसे युग की शुरुआत है जहाँ सैटेलाइट से मिलने वाली तस्वीरें पूरी तरह भरोसेमंद, समझने में आसान और हर समय उपलब्ध होंगी।
यह अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वर्षों तक की गई जटिल इंजीनियरिंग का एक शानदार नतीजा है, जिसे अब एक ही स्पेसक्राफ्ट (उपग्रह) के भीतर समेट दिया गया है।
यह वो ऐतिहासिक पल है जहाँ पृथ्वी का सटीक अवलोकन (Earth Observation) सिर्फ एक वादा बनकर नहीं रह जाता, बल्कि एक जरूरी सुविधा (Utility) बन जाता है।
‘मिशन दृष्टि’ के पीछे की कहानी बरसों की कड़ी मेहनत। और लॉन्च होने में लगे महज़ कुछ सेकेंड।
3. आत्मनिर्भर भारत का नया हौसला
इसरो का हाथ, युवाओं का साथ: यह किसी सरकारी कंपनी ने नहीं, बल्कि भारत के युवाओं (IIT मद्रास के स्टार्टअप) ने बनाया है। इसरो सिर्फ खुद काम नहीं कर रहा, बल्कि देश की इन निजी ‘आंखों’ को अपनी विंग्स (लैब्स) देकर उड़ना सिखा रहा है।
4. पारंपरिक सैटेलाइट्स की बड़ी कमजोरी: ‘पैरैलेक्स और टाइम-गैप’ की समस्या
सरल शब्दों में समझें समस्या क्या थी: अब तक अगर हमें किसी जमीन या सीमा की पूरी तरह सटीक जांच (Multi-layered Analysis) करनी होती थी, तो हमें दो अलग-अलग सैटेलाइट्स से डेटा लेना पड़ता था—एक जो रडार (SAR) तस्वीर दे और दूसरा जो कैमरे (Optical) से रंगीन तस्वीर ले।
दो बड़ी खामियां (Errors) आती थीं:
1 पैरैलेक्स (अंतरिक्ष से देखने के कोण का अंतर): दोनों सैटेलाइट अलग-अलग जगह से तस्वीर लेते थे, जिससे कोण (Angle) बदल जाता था और तस्वीरें आपस में 100% मैच नहीं होती थीं।
2 टाइम-गैप (समय का अंतर): एक सैटेलाइट ने सुबह तस्वीर ली और दूसरे ने दोपहर को। इस बीच ज़मीन के हालात बदल जाते थे।
देश की सुरक्षा या सेना के मिशन-क्रिटिकल ऑपरेशन्स (Mission-Critical Applications) के लिए इस तरह की गड़बड़ी या अनिश्चितता बेहद खतरनाक और अस्वीकार्य थी।
गैलेक्स आई (GalaxEye) का यह ‘मिशन दृष्टि’ इसी ऐतिहासिक कमजोरी को दूर करता है। “एक सैटेलाइट, दो सेंसर” होने के कारण यह अंतरिक्ष के एक ही स्थान से, एक ही सेकंड में रडार और कैमरे दोनों की तस्वीरें खींचता है।
इसका फायदा यह है कि डेटा पूरी तरह से आपस में मिला हुआ (Inherently Aligned) होता है। यानी अब सेना और वैज्ञानिकों को बिना किसी टाइम-गैप या एंगल की गड़बड़ी के, सीधे ‘एनालिसिस-रेडी’ डेटा मिलता है।
एक ही प्लेटफॉर्म पर हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का अनूठा संगम: ‘OptoSAR’ सिर्फ दो अलग-अलग सेंसर का नाम नहीं है; बल्कि यह हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का एक ऐसा मुकम्मल (end-to-end) सिस्टम है जिसे आपस में पूरी तरह तालमेल बैठाकर काम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
Mission Drishti (image Social Media) (1).jpg
5. हार्डवेयर एकीकरण (Hardware Integration)
“हमने एक बेहद छोटा और अपनी खुद की पेटेंट तकनीक पर आधारित एक ऐसा पेलोड (मशीन) तैयार किया है, जिसके भीतर एक ही ‘थर्मली-स्टेबल ऑप्टिकल बेंच’ (तापमान को सहने वाले बेस) पर X-Band SAR सेंसर और 7-बैंड मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजर (कैमरा) दोनों को एक साथ फिट किया गया है।
दोनों सेंसरों को हार्डवेयर के स्तर पर भौतिक रूप से एक ही जगह (Physical Co-location) स्थापित करना ही वह पहला और क्रांतिकारी कदम है, जिसने पैरैलेक्स एरर (तस्वीर के कोण की गड़बड़ी) को उसके जन्म स्थान (सोर्स) पर ही पूरी तरह से खत्म कर दिया है।“
सॉफ्टवेयर के स्तर पर डेटा का महामिलन: “अंतरिक्ष में घूम रहे उपग्रह (Onboard) और ज़मीन पर मौजूद हमारे बेस स्टेशन (Ground-based) दोनों जगहों पर हमारा सॉफ्टवेयर एआई मॉडल्स (AI Models) का उपयोग करता है। यह उन्नत तकनीक ‘सब-पिक्सेल को-रजिस्ट्रेशन’ (Sub-pixel Co-registration) और ‘जिटर करेक्शन’ (Jitter Correction – उपग्रह के हिलने से होने वाली गड़बड़ी को सुधारना) का काम करती है।
इन जटिल एल्गोरिदम का ही कमाल है कि दोनों अलग-अलग सेंसरों से मिलने वाले डेटा का एक-एक बिंदु (Data Point) इस तरह आपस में जुड़ जाता है कि वह अलग-अलग न रहकर एक एकल और एकीकृत डेटासेट (Single, Unified Dataset) बन जाता है।”
अंत में हम यह कह सकते हैं कि ये मिशन दृष्टि सिर्फ एक सैटेलाइट लांच की उपलब्धि भर नहीं है बल्कि अंतरिक्ष में भारत की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति भी है। अब तो वाकई में शबनम कभी, शोला कभी, तूफान हैं आंखें.