Uttarakhand News: लगातार हादसों के बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे और अंधाधुंध रफ्तार से अपनी जिंदगी के पल छोटे करते जा रहैं। ताजा समाचार उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के हल्द्वानी से है जहां तीनपानी फ्लाईओवर पर देर रात एक सड़क हादसे में बेकाबू कार ने चार युवकों को कुचल दिया जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा चौथा युवक गंभीर से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नगर मजिस्ट्रेट ने घायल का हालचाल जानने के लिए उनसे मुलाकात की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार लोग पुल के समीप खड़े थे, तभी तेज गति से आई स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा होते ही हड़कम्प मच गया। घटना के थोड़ी देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसा हल्द्वानी कोतवाली के मंडी चौकी क्षेत्र अंतर्गत तीनपानी फ्लाईओवर पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी और स्कॉर्पियो के बीच भीषण टक्कर हुई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत होने तथा एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी, कोतवाल तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा तथा दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें
अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वजह दुपहिया वाहन पर दो से अधिक व्यक्ति बैठना है। क्योंकि यह दो लोगों के बैठने के लिए बनी है और दोनों लोगों को हेलमेट लगाना चाहिए। जब भी दो से अधिक लोग बैठते हैं हादसे का खतरा बढ़ जाता है और यह सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद खतरनाक है। मीडिया से पुलिस अधिकारियों ने यही मैसेज दिया कि कृपया अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें।
इसे भी पढ़ें- https://tesariaankh.com/kamal-haasan-reveals-why-he-left-bollywood-underworld-connections/
लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की अनियंत्रित गति पर लगाम लगाने के लिए गति सीमा तय की जाए, रात के समय पुलिस गश्त और चेकिंग बढ़ाई जाए, और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां उचित सुरक्षा उपाय किए जाएं।








