दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सूझबूझ दिखाई। विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। पीएम मोदी और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मच्छार की बहादुरी की सराहना की है।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार, 30 सितंबर को कॉकपिट के अंदर हुई एक गंभीर घटना के बाद बड़ा विमान हादसा टल गया। विमान के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। फ्लायदुबई के अनुसार विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं।
पीएम मोदी ने स्मित मच्छार को बताया हीरो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने लिखा कि गंभीर खतरे का सामना करने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प दिखाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी वीरता ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। उन्होंने मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।
उड़ान के दौरान कॉकपिट में क्या हुआ?
फ्लाइट FZ1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। विमान में करीब 174 यात्री सवार थे। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक घटना हुई और भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए। इजरायली अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सह-पायलट ने उन पर चाकू से हमला किया और कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। हालांकि, फ्लायदुबई ने फिलहाल घटना को केवल कॉकपिट में हुई ‘altercation’ बताया है और कहा है कि इसके कारण और मकसद की औपचारिक जांच की जा रही है।
घटना के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान करीब 14,000 फीट नीचे आया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और विमान को तबूक की ओर मोड़ा गया।
घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोला
घटना के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से में बताया गया है कि गंभीर रूप से घायल कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद कुछ यात्री और क्रू सदस्य कॉकपिट में पहुंचे और हमलावर पायलट को काबू करने में मदद की।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के प्रवक्ता के अनुसार, खून से लथपथ मच्छार ने अपनी बची हुई ताकत का इस्तेमाल करके कॉकपिट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, जिससे यात्रियों को अंदर पहुंचने और हमलावर को काबू करने का मौका मिला।
विमान में मौजूद दो पायलटों ने संभाली कमान
रिपोर्टों के अनुसार, विमान में फ्लायदुबई के दो अन्य पायलट यात्री के तौर पर मौजूद थे। कॉकपिट में स्थिति नियंत्रण में आने के बाद उन्होंने विमान की कमान संभाली और उसे सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा।
इस दौरान विमान में मौजूद एक डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल कैप्टन मच्छार को प्राथमिक चिकित्सा दी। यात्री शोटा मुसायेव ने बताया कि मच्छार के सिर से काफी खून बह रहा था और उन्होंने रक्तस्राव रोकने तथा उनका ब्लड प्रेशर स्थिर करने में मदद की।
नेतन्याहू ने भी कहा- ‘सच्चे हीरो’
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए उनकी बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने हमलावर का विरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा क्रू को हमलावर को काबू करने में सक्षम बनाया। नेतन्याहू के मुताबिक इस कार्रवाई से 174 लोगों की जान बची।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और फ्लायदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन हैं। रिपोर्टों के मुताबिक वह जून 2022 में फ्लायदुबई से जुड़े थे। इससे पहले उन्होंने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में काम किया और वहां कमांडर तथा लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर भी जिम्मेदारी निभाई। उनके पास 13 साल से अधिक का वाणिज्यिक उड़ान अनुभव और 9,500 से अधिक उड़ान घंटे बताए गए हैं।
मच्छार की हालत स्थिर
घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को सऊदी अरब के तबूक स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारतीय दूतावास के अनुसार वह अस्पताल में उपचार करा रहे हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
फ्लायदुबई ने कहा है कि घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। साथ ही कंपनी ने कहा है कि घटना के कारण और मकसद की जांच जारी है और जांच पूरी होने से पहले अटकलों से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- https://tesariaankh.com/evm-vs-ballot-paper-opposition-up-2027-election/








