UPSC CSE 2026 संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 को लेकर कई ऐतिहासिक और क्रांतिकारी बदलावों की घोषणा की है। यूपीएससी के इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है कि सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) खत्म होने के तुरंत बाद ही उसकी प्रोविजनल आंसर-की (Provisional Answer Key) जारी कर दी जाएगी।
इस साल यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई 2026 को होने जा रही है। अब तक नियम यह था कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया (प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू) खत्म होने और फाइनल रिजल्ट आने के बाद ही आंसर-की जारी की जाती थी। इस वजह से छात्रों को अपनी गलतियां सुधारने या आयोग के जवाबों को चुनौती देने का मौका नहीं मिलता था।
यूपीएससी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने इसे ‘एक नई शुरुआत’ बताते हुए कहा कि इस कदम से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और तेजी आएगी।
आइए जानते हैं कि इस बार यूपीएससी 2026 की परीक्षा में क्या-क्या बड़े बदलाव हुए हैं और छात्रों को क्या सावधानी रखनी होगी:
यूपीएससी 2026 के 5 सबसे बड़े बदलाव (Reforms)
-
तुरंत आएगी आंसर-की और मिलेगा आपत्ति दर्ज करने का मौका: 24 मई को परीक्षा खत्म होने के बाद उम्मीदवार यूपीएससी के ‘QPRep’ पोर्टल पर जाकर 31 मई 2026 (शाम 6:00 बजे तक) अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। हालांकि, आपत्ति दर्ज कराने के लिए छात्रों को 3 प्रामाणिक स्रोतों (Authentic Sources) से सबूत भी देने होंगे। विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद ही फाइनल आंसर-की आएगी।
-
फर्जी उम्मीदवारों पर लगाम के लिए AI फेस ऑथेंटिकेशन: परीक्षा केंद्रों पर अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ‘फेस रिकग्निशन’ (चेहरा पहचानना) अनिवार्य कर दिया गया है। इससे परीक्षा में बैठने वाले फर्जी (डमी) उम्मीदवारों और धोखाधड़ी को पूरी तरह रोका जा सकेगा।
-
सेवारत IAS और IFS अधिकारियों पर रोक: नए नियमों के मुताबिक, जो उम्मीदवार पहले से ही आईएएस (IAS) या आईएफएस (IFS) पद पर कार्यरत हैं, वे यूपीएससी 2026 की परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे। अगर कोई उम्मीदवार प्रीलिम्स के बाद और मेन्स परीक्षा से पहले इस पद पर नियुक्त होता है, तो उसे भी मेन्स परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी।
-
दिव्यांग उम्मीदवारों को पसंद का सेंटर: दिव्यांग (Disability) श्रेणी के परीक्षार्थियों को इस बार उनकी पहली पसंद के आधार पर ही परीक्षा केंद्र (Exam Centre) आवंटित किया जाएगा।
-
लाखों एस्पिरेंट्स को बड़ी राहत: हर साल करीब 5 लाख से ज्यादा छात्र प्रीलिम्स देते हैं, जिनमें से 12 से 15 हजार मेन्स के लिए क्वालीफाई करते हैं। आंसर-की तुरंत आने से अब छात्रों का समय बर्बाद नहीं होगा और वे बिना किसी असमंजस के तुरंत मेन्स की तैयारी में जुट सकेंगे।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइंस और सावधानियां
यूपीएससी ने परीक्षा के नियमों को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना हर छात्र के लिए जरूरी है:
-
गेट बंद होने का समय: परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के एंट्री गेट बंद कर दिए जाएंगे। सुबह के सत्र के लिए सुबह 09:00 बजे और दोपहर के सत्र के लिए दोपहर 02:00 बजे के बाद किसी भी कीमत पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
-
सिर्फ ब्लैक बॉलपॉइंट पेन: ओएमआर (OMR) आंसर शीट और अटेंडेंस शीट भरने के लिए केवल काले बॉलपॉइंट पेन का ही इस्तेमाल करना होगा।
-
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर बैन: परीक्षा हॉल के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, साधारण घड़ी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की पूरी तरह मनाही रहेगी। उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड और एक वैध फोटो पहचान पत्र (Photo ID Proof) साथ लाना अनिवार्य होगा।
UPSC Success Story: जब हौसला डगमगाए तो काम आता है धोनी वाला अंदाज, AIR 295 अमन अलोन की जुबानी
यूपीएससी परीक्षा सिर्फ किताबों को रटने का नाम नहीं है, यह मानसिक और भावनात्मक रूप से खुद को मजबूत रखने की एक कठिन यात्रा है। द इंडियन एक्सप्रेस (The Indian Express) से साभार लेते हुए, हम आपके साथ साझा कर रहे हैं यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 295 हासिल करने वाले अमन अलोन के संघर्ष की वो अनसुनी कहानी, जो प्रीलिम्स 2026 देने जा रहे हर छात्र के लिए एक संजीवनी बूटी की तरह है।

जब दोस्त को खोया और लगा कि परीक्षा छोड़ दूँ
अमन बताते हैं कि साल 2023 में जब वे नौकरी के साथ यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे, तब परीक्षा से ठीक तीन महीने पहले उन्होंने अपने एक बेहद करीबी दोस्त को खो दिया। इस सदमे से उनका मानसिक संतुलन पूरी तरह हिल गया। नींद गायब हो गई, पढ़ाई से ध्यान भटक गया और मन में ख्याल आया कि ‘इस साल परीक्षा छोड़ देता हूँ।’
लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। तैयारी पूरी नहीं थी, मन बिखरा हुआ था, फिर भी उन्होंने केवल “परीक्षा हॉल में बैठने” को ही अपनी जीत माना। उस साल उनका प्रीलिम्स नहीं निकला, लेकिन इस असफलता ने उन्हें यह सिखा दिया कि यह परीक्षा उतनी भी डरावनी नहीं है जितना हौवा बनाया जाता है। इसी आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने नौकरी छोड़ी, फुल-टाइम तैयारी की और 2025 की फाइनल लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया।
टेंशन कम करने के लिए अमन के 3 गुरुमंत्र
-
एविडेंस डायरी (Evidence Diary) बनाएं: अमन अपने सबसे बुरे दौर में एक डायरी लिखते थे, जिसमें वे अपनी जिंदगी की पुरानी छोटी-बड़ी जीतों और मुश्किलों से उबरने के पलों को दर्ज करते थे। जब भी परीक्षा का डर सताए, यह डायरी याद दिलाती है कि ‘अगर मैं पहले मुश्किलों से लड़ सकता हूँ, तो इससे भी लड़ जाऊंगा।’
-
रोजर फेडरर की 54% वाली थ्योरी: टेनिस के दिग्गज रोजर फेडरर ने अपने करियर में 80% मैच जीते, लेकिन अगर कुल पॉइंट्स की बात करें तो उन्होंने सिर्फ 54% पॉइंट्स ही जीते थे। यानी हर दूसरा पॉइंट वे हारते थे। ठीक वैसे ही, प्रीलिम्स हॉल में अगर कुछ सवाल गलत हो जाएं या न आएं, तो पैनिक नहीं होना है। गलतियों को पीछे छोड़कर अगले सवाल पर ध्यान देना ही समझदारी है।
-
एग्जाम हॉल में अपनाएं ‘धोनी का अंदाज’ (The Dhoni Way): महेंद्र सिंह धोनी की सबसे बड़ी ताकत है- दबाव में शांत रहना। न तो एक डॉट बॉल होने पर पैनिक करना और न ही चौका लगने पर अति-उत्साहित होना। परीक्षा हॉल में भी शुरुआती 4-5 सवाल कठिन देखकर घबराना नहीं है और आसान सवाल देखकर ओवर-कॉन्फिडेंट नहीं होना है। बस अपनी मानसिक स्थिरता बनाए रखनी है।
“अगर आप यूपीएससी प्रीलिम्स 2026 की तैयारी के दौरान भावनात्मक रूप से संघर्ष कर रहे हैं, तो याद रखिए- परीक्षा में बैठने के लिए आपको 100% कॉन्फिडेंट होने या हर परिस्थिति के परफेक्ट होने की जरूरत नहीं है। कभी-कभी साहस का मतलब सिर्फ इतना होता है कि आप उस चीज से पीछे हटने से मना कर दें, जो आपके लिए वाकई मायने रखती है।” — अमन अलोन (AIR 295, UPSC CSE 2025)








