पाकिस्तानी कराटे चैंपियन और फाइटर शाहज़ैब रिंद का सलमान खान के साथ जुड़ा एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो दुबई में आयोजित एक फाइटिंग इवेंट का है, जहां मुकाबला जीतने के बाद शाहज़ैब को अपने पसंदीदा अभिनेता सलमान खान से मिलने का मौका मिला था। इस दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत ने लोगों का दिल जीत लिया था।
बचपन से सलमान खान के फैन हैं शाहज़ैब रिंद
दुबई में हुए मुकाबले में शाहज़ैब रिंद ने भारत के राणा सिंह को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। जीत के बाद उन्होंने माइक संभाला और सबसे पहले सलमान खान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह बचपन से सलमान की फिल्में देखते आए हैं और उनके सामने लड़ना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
शाहज़ैब ने कहा, “मैं बचपन से आपकी फिल्में देखता आ रहा हूं। आपके सामने लड़ना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।” उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं।
जीत को शांति और भाईचारे के नाम किया
शाहज़ैब रिंद ने अपनी जीत को सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रखा बल्कि भारत और पाकिस्तान के बीच शांति और भाईचारे का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि खेल लोगों को जोड़ने का माध्यम है, इसलिए दोनों देशों के लोगों को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा, “यह लड़ाई शांति के लिए है। हम दुश्मन नहीं हैं, हम साथ हैं। साथ मिलकर हम कुछ भी कर सकते हैं।” उनके इस संदेश की भी लोगों ने खूब सराहना की।
सलमान खान ने की खुलकर तारीफ
मुकाबले के बाद शाहज़ैब रिंद की मुलाकात सलमान खान से हुई। सलमान ने उनकी शानदार जीत पर बधाई दी और उनके तेज प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
सलमान खान ने मुस्कुराते हुए कहा, “शानदार फाइट… हर जगह 20 सेकंड में नॉकआउट!” सलमान का यह अंदाज और शाहज़ैब के प्रति उनका सम्मान सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आया।
सलमान खान की आने वाली फिल्में
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान के पास कई बड़े प्रोजेक्ट हैं। वह जल्द ही देशभक्ति पर आधारित वॉर ड्रामा ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे, जिसका पहले नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
इसके अलावा सलमान खान निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके के साथ एक बड़े एक्शन-कॉमेडी प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहे हैं। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह फिल्म निर्माता फरहान अख्तर के साथ भारतीय इतिहास के एक प्रतिष्ठित किरदार पर आधारित पीरियड ड्रामा को लेकर भी बातचीत कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान पहले निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की एक्शन फिल्म की शूटिंग पूरी करेंगे। इसके बाद अक्टूबर-नवंबर 2026 के आसपास नए पीरियड ड्रामा की शूटिंग शुरू होने की संभावना है। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।








