पैतृक संपत्ति में बेटे और पोते के अधिकारों को लेकर उच्चतम न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी हिंदू पुरुष की मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 की धारा 8 के तहत उसके क्लास-1 उत्तराधिकारियों को मिलती है और उनके बीच संपत्ति का बंटवारा हो जाता है तो प्रत्येक उत्तराधिकारी का हिस्सा उसकी व्यक्तिगत संपत्ति बन जाता है। ऐसे में दादा की संपत्ति में पिता को मिले हिस्से पर पोता केवल जन्म के आधार पर अपना अधिकार नहीं जता सकता।
न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल की पीठ ने 6 नवंबर 2026 को दिए फैसले में यह व्यवस्था दी। अदालत ने एक नाबालिग बेटे की अपील खारिज कर दी, जिसने अपनी मां के माध्यम से दादा की संपत्ति में आधे हिस्से का दावा किया था। इस मामले में बेटे के पिता को दादा की संपत्ति के बंटवारे में एक हिस्सा मिला था, जिसे बाद में उन्होंने बेच दिया था।
दादा की मृत्यु के समय पैदा भी नहीं हुआ था पोता
मामले में अदालत ने इस तथ्य को भी महत्वपूर्ण माना कि दादा की मृत्यु के समय अपीलकर्ता का जन्म नहीं हुआ था। दादा की मृत्यु के साथ ही हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 8 के तहत उत्तराधिकार खुल गया था। उनकी संपत्ति उनके क्लास-1 उत्तराधिकारियों को प्राप्त हुई। इनमें बेटे, बेटियां, विधवा और माता जैसे उत्तराधिकारी शामिल होते हैं।
इसके बाद पारिवारिक समझौते और बंटवारे के आधार पर प्रत्येक उत्तराधिकारी को अलग-अलग हिस्सा मिल गया। अदालत ने कहा कि उत्तराधिकारियों को संपत्ति संयुक्त किरायेदार (Joint Tenants) के रूप में नहीं, बल्कि अलग-अलग हिस्सों के सह-स्वामी (Tenants in Common) के रूप में मिली थी। इस प्रक्रिया के बाद संयुक्त सहदायिकी (Coparcenary) का अस्तित्व समाप्त हो गया।
पिता के हिस्से को नहीं माना जा सकता संयुक्त संपत्ति
पीठ ने स्पष्ट किया कि दादा की संपत्ति का धारा 8 के तहत उत्तराधिकारियों के बीच बंटवारा हो जाने के बाद पिता के हिस्से को संयुक्त हिंदू परिवार की संपत्ति नहीं माना जा सकता। वह पिता की व्यक्तिगत संपत्ति बन गई थी। लिहाजा बेटे को उस संपत्ति में जन्म से कोई स्वतंत्र अधिकार प्राप्त नहीं हुआ।
अदालत ने यह भी माना कि पिता को दादा से मिली संपत्ति का हिस्सा व्यक्तिगत है और उसे बेचने के बाद बेटा केवल इस आधार पर खरीदारों या पिता के खिलाफ बंटवारे का दावा नहीं कर सकता कि संपत्ति मूल रूप से उसके दादा की थी।
29 साल पुरानी कानूनी लड़ाई पर विराम
इस मामले में नाबालिग बेटे की ओर से उसकी मां ने वर्ष 1997 में मुकदमा दाखिल कर संपत्ति में आधे हिस्से और कब्जे की मांग की थी। विवाद निचली अदालत से होते हुए मद्रास उच्च न्यायालय और फिर उच्चतम न्यायालय पहुंचा। सर्वोच्च अदालत ने अपील खारिज करते हुए स्पष्ट कर दिया कि धारा 8 के तहत उत्तराधिकार और उसके बाद हुए बंटवारे से पिता को प्राप्त संपत्ति उसकी व्यक्तिगत संपत्ति होती है, जिसमें बेटे का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं बनता।
इस फैसले से पैतृक संपत्ति और संयुक्त हिंदू परिवार की संपत्ति के बीच कानूनी अंतर एक बार फिर स्पष्ट हुआ है। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि हर प्रकार की पैतृक या संयुक्त परिवार की संपत्ति में संतान का अधिकार समाप्त हो गया है। फैसला उन परिस्थितियों पर आधारित है, जहां धारा 8 के तहत उत्तराधिकार खुलने के बाद संपत्ति का बंटवारा होकर अलग-अलग हिस्से व्यक्तिगत स्वामित्व में आ चुके थे।








