वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

दिल्ली पब्लिक स्कूल में आईपीएस के बेटे का उत्पीड़न, प्रिंसिपल समेत कई पर एफआईआर

राजधानी में रायबरेली रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), एल्डिको शाखा में एक 8 वर्षीय छात्र के साथ कथित उत्पीड़न, अपमान और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में छात्र के पिता और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी (डीआईजी) देव रंजन वर्मा की लिखित शिकायत पर पीजीआई थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, स्कूल परिसर में सीनियर छात्रों द्वारा 8 वर्षीय मासूम के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसे अपमानित किया गया। आरोप है कि इस संवेदनशील घटना के बाद स्कूल की प्रिंसिपल, काउंसलर और संबंधित शिक्षक ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय लापरवाही बरती, जिससे बच्चा गहरे मानसिक तनाव (मेंटल डिस्ट्रेस) में है।

कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी देव रंजन वर्मा ने 11 नवंबर 2026 को पीजीआई थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 0573 दर्ज की है। पुलिस ने यह मुकदमा किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत दर्ज किया है।

घटना कब हुई

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर 2026 को हुई थी। एफआईआर में स्कूल की प्रिंसिपल, काउंसलर और शिक्षक को नामजद/आरोपी बनाया गया है, जबकि सीनियर छात्रों पर भी मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के साथ-साथ इस पूरे प्रकरण की शिकायत जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से भी की गई है, ताकि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी जांच और कार्रवाई हो सके।

पुलिस जांच शुरू

फिलहाल पीजीआई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा मामला होने के कारण प्रशासन इस पर विशेष सतर्कता बरत रहा है।

Ram Krishna
Author: Ram Krishna

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें