बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान अब पहली बार किसी रियलिटी शो में बतौर प्रतियोगी नजर आने वाले हैं। प्राइम वीडियो के नए रियलिटी शो ‘अलायंस’ में एंट्री के साथ ही उन्होंने साफ कर दिया है कि इस बार उनकी पहचान सिर्फ सलमान खान के छोटे भाई के तौर पर नहीं होगी, बल्कि लोग उनकी रणनीति और गेम खेलने का अंदाज भी देखेंगे।
एक इंटरव्यू में सोहेल खान ने कहा कि इस शो में न तो परिवार का नाम काम आएगा और न ही फिल्म इंडस्ट्री का रसूख। उन्होंने कहा, “यहां सिर्फ मैं हूं, मेरा दिमाग है और मैं गेम कैसे खेलता हूं। अगर लोग मेरा ऐसा रूप देखकर जाएं जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी, तो वही मेरी सबसे बड़ी जीत होगी।”
सलमान का शो अलग, मेरा खेल अलग
सोहेल ने बताया कि उन्होंने वर्षों तक सलमान खान को बिग बॉस होस्ट करते देखा है। उस दौरान उन्हें कभी नहीं लगा कि वे खुद किसी रियलिटी शो में प्रतियोगी बनेंगे।
उन्होंने कहा, “मैंने देखा है कि बिग बॉस में कितनी ऊर्जा, कितना ड्रामा और कितना भावनात्मक दबाव होता है। मैं हमेशा सोचता था कि वह सलमान की जगह है, मेरी नहीं।”
हालांकि, ‘अलायंस’ ने उनका नजरिया बदल दिया। उनके मुताबिक, “यह शो भावनाओं या झगड़ों का नहीं, बल्कि दिमाग और रणनीति का खेल है। यहां बिना सामने वाले को एहसास हुए उसे मात देना होती है और यही चुनौती मुझे सबसे ज्यादा पसंद आई।”
शो में जाने से पहले सलमान ने क्या कहा?
सोहेल ने बताया कि जब उन्होंने सलमान खान को शो में हिस्सा लेने की बात बताई तो उनका पहला रिएक्शन उत्सुकता भरा था।
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “सलमान ने मुझसे पूछा- क्या तुम्हें यकीन है कि तुम किस चीज में पड़ रहे हो? उन्हें जानते हुए यह सवाल एक चेतावनी भी था और आशीर्वाद भी। मैंने उसे उसी तरह स्वीकार किया।”
खान परिवार में सबसे बड़ा रणनीतिकार कौन?
जब सोहेल से पूछा गया कि अगर पूरा खान परिवार किसी रियलिटी शो में हिस्सा ले तो कौन किस भूमिका में होगा, तो उन्होंने दिलचस्प जवाब दिया।
उनके मुताबिक, सलमान खान स्वाभाविक रूप से टीम के लीडर होंगे क्योंकि जिस भी कमरे में वे जाते हैं, वहां सबका ध्यान उन्हीं पर होता है। अरबाज़ खान को उन्होंने सबसे अच्छा मध्यस्थ बताया, जो सभी की बात सुनते हैं और माहौल संभालते हैं।
लेकिन सबसे बड़ा मास्टर स्ट्रैटेजिस्ट उन्होंने अपनी मां सलमा खान को बताया। सोहेल ने कहा, “उन्होंने दशकों तक तीन अलग-अलग व्यक्तित्व और तीन अलग-अलग अहंकार वाले बेटों को संभाला है। अगर यह मास्टर लेवल रणनीति नहीं है, तो फिर क्या है।”
अब फैंस की नजर सोहेल के गेम पर
सोहेल खान की इस बेबाकी के बाद अब दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। फैंस यह देखना चाहते हैं कि क्या वह वाकई अपनी रणनीति के दम पर अपनी अलग पहचान बना पाएंगे या फिर तुलना एक बार फिर सलमान खान से ही होगी। फिलहाल, ‘अलायंस’ के नए एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किए जा रहे हैं।








