Raja Chaudhary on Palak Tiwari: अभिनेत्री श्वेता तिवारी के पूर्व पति और अभिनेता राजा चौधरी ने अपनी बेटी पलक तिवारी के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि उन्हें पलक की जिंदगी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है और वह उसके करियर या निजी जिंदगी में तब तक दखल नहीं देना चाहते, जब तक उनकी बेटी खुद उनसे आकर बात न करे। राजा ने पलक और अभिनेता इब्राहिम अली खान की डेटिंग की अफवाहों पर भी अपनी बेबाक राय रखी है।
सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान राजा चौधरी से पूछा गया कि क्या उन्हें अपनी बेटी पलक तिवारी के सलमान खान के साथ काम करने और फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाने पर गर्व है। इस पर राजा ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें गर्व है या नहीं, क्योंकि उन्हें पलक के करियर के बारे में ज्यादा जानकारी ही नहीं है।
जब उनसे उनके बयान को स्पष्ट करने के लिए कहा गया तो राजा ने कहा कि जब तक पलक खुद उनके पास आकर अपने बारे में बात नहीं करती, तब तक वह उसकी जिंदगी के बारे में जानने की कोशिश नहीं करते।
राजा चौधरी ने कहा, “मुझे नहीं पता कि मुझे गर्व है या नहीं। मुझे कोई जानकारी नहीं है कि वह कहां है, क्या कर रही है, कहां रह रही है, किसके साथ रह रही है या किसके साथ काम कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि वह पलक की जिंदगी में दखल नहीं देना चाहते। हालांकि, अगर उनकी बेटी को कभी उनकी जरूरत पड़ती है तो वह हमेशा उसके लिए मौजूद रहेंगे। राजा के मुताबिक, “मैं यह जानना भी नहीं चाहता, जब तक वह खुद आकर मुझे न बताए कि पापा, यह सब हो रहा है। अगर जरूरत पड़ी तो मैं उसके लिए चौबीसों घंटे मौजूद हूं। लेकिन उसकी जिंदगी में मेरी कोई जरूरत नहीं है।”
पलक और इब्राहिम की डेटिंग की अफवाहों पर क्या बोले राजा?
बातचीत के दौरान राजा चौधरी से पलक तिवारी और अभिनेता इब्राहिम अली खान के बीच चल रही डेटिंग की अफवाहों को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनकी बेटी किसके साथ रिश्ते में है या नहीं।
राजा ने कहा कि उन्हें कभी अपनी बेटी पर अधिकार जताने का मौका नहीं मिला, इसलिए पलक की निजी जिंदगी को लेकर वह किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते।
उन्होंने कहा, “इससे क्या फर्क पड़ता है कि वे साथ हैं या नहीं? मुझे कुछ महसूस नहीं होता। वह किसी जंगल में अकेले तो नहीं रह रही है कि यह कोई बड़ी बात हो।”
राजा ने आगे कहा कि एक पिता के तौर पर बेटी की जिंदगी में क्या चल रहा है, यह जानना तभी मायने रखता है जब उसे अपनी बेटी की जिंदगी में वह जगह और महत्व मिला हो। उन्होंने अपने पिता का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पिता उनसे अपनी बातें साझा करते हैं क्योंकि वह उनकी बात सुनते हैं।
राजा ने कहा, “अगर मुझे महत्व नहीं दिया जाता, तो मैं कुछ नहीं कर सकता। मेरे पिता मुझे बातें बताते हैं क्योंकि मैं उनकी बात सुनता हूं।”
अपनी बात को और स्पष्ट करते हुए राजा चौधरी ने कहा, “एक पिता के लिए मायने रखता है कि बेटी का किसी के साथ रिश्ता है या नहीं। उसकी मां से पूछिए कि उसे कैसा लगता है। मुझे क्यों परवाह करनी चाहिए? मैं तो बस उसका जैविक पिता हूं, मुझे यही बताया गया है। मेरा उससे कोई लेना-देना नहीं है। आप मुझसे क्या उम्मीद करते हैं कि मैं क्या महसूस करूं?”
1998 में हुई थी राजा और श्वेता की शादी
राजा चौधरी और श्वेता तिवारी की शादी साल 1998 में हुई थी। दोनों की बेटी पलक तिवारी का जन्म साल 2000 में हुआ। हालांकि, शादी के कुछ साल बाद दोनों के रिश्ते में खटास आ गई और श्वेता ने 2007 में तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी।
श्वेता ने राजा पर शराब की लत और घरेलू हिंसा से जुड़े गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि राजा उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करते थे और उनके टीवी शो के सेट पर पहुंचकर बदतमीजी करते थे। हालांकि, राजा चौधरी ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में इन आरोपों से इनकार किया है। दोनों का तलाक साल 2012 में आधिकारिक रूप से मंजूर हुआ था।
वहीं, पलक तिवारी अब बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं। वह सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में भी नजर आ चुकी हैं। पलक की निजी जिंदगी भी अक्सर सुर्खियों में रहती है और इब्राहिम अली खान के साथ उनकी दोस्ती को लेकर कई बार डेटिंग की अटकलें सामने आती रही हैं। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।








