Uttarakhand Mussoorie news: अभी अभी बड़ी खबर आ रही है कि मसूरी-देहरादून सड़क पर जबरदस्त भूस्खलन हुआ है। यह भूस्खलन अब से कुछ घंटे पहले देर रात में हुआ है। इस घटना के बाद पुलिस और अधिकारी मौके पहुंच गए और राजमार्ग को फिलहाल बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
इस हादसे से तीन दिन पहले भी भारी बारिश के चलते मसूरी हाईवे पर पहाड़ दरक जाने से भारी मलबा सड़क पर आ गया था जिसके चलते रोड को तत्काल बंद कर दिया गया था।

इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में चेतावनी दी गई थी कि देहरादून जिले में आने वाले दिनों में भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते, मसूरी-देहरादून मार्ग पर यात्रा करने वालों को भूस्खलन संभावित गलोगी क्षेत्र से गुजरने और शिव मंदिर के पास बने अस्थायी पुलों को पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हादसे की आंशंका भी बनी हुई है। कभी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय निवासियों का कहना था कि मूल पुल के बह जाने को 10 महीने से अधिक हो गए हैं। मानसून शुरू हो चुका है और लोग इन अस्थायी पुलों को पार करने से डर रहे हैं, फिर भी प्रशासन ने कोई स्थायी समाधान नहीं दिया है।
अस्थाई पुलों से जान की सांसत, नया पुल बनेगा इस साल बाद
शिव मंदिर पुल 16 सितंबर, 2025 को बादल फटने से नष्ट हो गया था। शुरुआत में एक ही अस्थायी पुल बनाया गया था, लेकिन भारी यातायात जाम और व्यापक जन विरोध के कारण अधिकारियों को यातायात की समस्या को कम करने के लिए दूसरा अस्थायी पुल बनाना पड़ा।
मसूरी नगर परिषद (एमएमसी) के पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने देरी की आलोचना करते हुए कहा, अस्थायी पुल इस वादे के साथ बनाए गए थे कि गर्मी से पहले एक स्थायी ढांचा तैयार कर दिया जाएगा, लेकिन हमें कोई प्रगति नहीं दिखी है। स्थानीय निवासियों ने गलोगी भूस्खलन राहत कार्य को लेकर भी अपना गुस्सा ज़ाहिर किया, जो तीन साल से अधिक समय पहले शुरू होने के बावजूद अधूरा पड़ा है।
इन चिंताओं का जवाब देते हुए, पीडब्ल्यूडी के अतिरिक्त सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने आश्वासन दिया कि राहत कार्य जल्द ही शुरू होगा। शाही ने बताया कि गलोगी भूस्खलन राहत कार्य जुलाई के अंत तक पूरा हो जाएगा और शिव मंदिर के स्थायी पुल का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। शाही ने कहा, निर्माण कार्य पूरी गति से चल रहा है और हमें उम्मीद है कि नया पुल इस साल के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा।








