Kangana Ranaut and Vir Das: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट और अभिनेता-स्टैंडअप कॉमेडियन वीर दास एक बार फिर चर्चा में हैं। वजह बनी है एक वायरल पॉडकास्ट, जिसमें पत्रकार सिमी चंडोक ने दावा किया कि फिल्म रिवॉल्वर रानी की शूटिंग के दौरान एक किसिंग सीन में कंगना रनोट ने वीर दास के होंठ इतनी जोर से काट लिए थे कि खून निकल आया और वह घटना आज भी उनके लिए ट्रॉमा बनी हुई है। हालांकि, यह दावा वायरल होने के कुछ ही समय बाद खुद वीर दास सामने आए और उन्होंने इसे पूरी तरह झूठ और काल्पनिक बताया।
क्या था वायरल दावा?
सिद्धार्थ कानन के पॉडकास्ट में पत्रकार सिमी चंडोक ने कहा कि रिवॉल्वर रानी के एक किसिंग सीन के दौरान कंगना रनोट सीन खत्म होने के बाद भी किस करती रहीं और इस दौरान उन्होंने वीर दास के होंठ काट दिए, जिससे उनके होंठ से खून निकल आया। उन्होंने यह भी दावा किया कि वीर दास आज भी उस घटना को याद कर भावुक हो जाते हैं।

वीर दास ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर वायरल चर्चा के बीच वीर दास ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा,
“यह कहानी पूरी तरह काल्पनिक है। कंगना पूरी तरह प्रोफेशनल थीं और आज भी मैं उन्हें बेहद टैलेंटेड आर्टिस्ट मानता हूं। उनके बारे में इस तरह की झूठी बातें फैलाना गलत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि भले ही बाद के वर्षों में कंगना ने उनकी कॉमेडी को लेकर उन्हें ‘आतंकवादी’ कहा था, लेकिन फिल्म के सेट पर दोनों के बीच कभी कोई विवाद या असहज स्थिति नहीं हुई।
कंगना रनोट ने भी जताई नाराजगी
वीर दास के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनोट ने भी सोशल मीडिया पर सिमी चंडोक के दावे को खारिज किया।
उन्होंने लिखा कि यह महिला आखिर है कौन, जो उनके और वीर दास के नाम का इस्तेमाल कर ऐसी “डरावनी और गंदी कल्पनाएं” फैला रही है। कंगना ने कहा कि कभी उनके बारे में खून पीने जैसी बातें कही जा रही हैं तो कभी वीर दास के वर्षों तक सदमे में रहने की कहानी गढ़ी जा रही है।
https://x.com/KanganaTeam/status/2071310686878322957?s=20
पहले भी हो चुका है विवाद
कंगना रनोट और वीर दास के बीच इससे पहले भी सार्वजनिक विवाद हो चुका है। वीर दास के ‘I Come From Two Indias’ वीडियो के बाद कंगना ने उनकी कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें “सॉफ्ट टेररिज्म” फैलाने वाला तक कहा था। हालांकि मौजूदा विवाद में दोनों कलाकार एक ही पक्ष में नजर आए और दोनों ने वायरल दावे को बेबुनियाद बताया।
यानी सोशल मीडिया पर जिस घटना को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं, उसे खुद वीर दास और कंगना रनोट दोनों ने सार्वजनिक रूप से गलत और काल्पनिक बताया है।








