WhatsApp Username Feature: भारत में WhatsApp पर ‘यूजरनेम’ फीचर शुरू करने के प्रस्ताव को लेकर सरकार ने मेटा को नोटिस जारी किया है और कंपनी को तीन दिनों के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। सरकार ने मेटा को यह भी निर्देश दिया है कि जब तक इस मामले पर परामर्श पूरा नहीं हो जाता, तब तक इस फीचर को शुरू न किया जाए।
व्हाट्सएप के नए यूजरनेम फीचर को लेकर विवाद गहरा गया है। वाट्सएप यूजरनेम फीचर की घोषणा के साथ इसकी सुरक्षा और संभावित दुरुपयोग पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। सरकार को आशंका है कि साइबर अपराधी सरकारी संस्थानों, बैंकों, कंपनियों या मशहूर हस्तियों से मिलते-जुलते यूजरनेम बनाकर लोगों को आसानी से ठगी का शिकार बना सकते हैं।
इससे साइबर फ्राड की एक ऐसी श्रृंखला शुरू हो सकती है जिसे रोकने में सरकार को कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। इस फीचर का फायदे की जगह दुरुपयोग होने की संभावना ज्यादा है। इसी वजह से फर्जी पहचान और बढ़ते साइबर फ्रॉड के खतरे को देखते हुए सरकार ने व्हाट्सएप को नोटिस जारी कर इस फीचर की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और दुरुपयोग रोकने के उपायों पर विस्तृत जानकारी मांगी है। ऐसी भी खबरें आ रही हैं कि सरकार ने इस फीचर की जांच शुरू कर दी है।
50 करोड़ वाट्सएप यूजर का डेटा बेस
सरकार की चिंता इस बात को लेकर है कि देश में वॉट्सएप के 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। इतने बड़े यूजर बेस की सुरक्षा और फेक प्रोफाइल से होने वाले फ्रॉड रोकने के लिए सरकार नए फीचर के सेफ्टी स्टैंडर्ड्स परखना चाहती है। क्योंकि जब यूजर्स को फोन नंबर छिपाने की आजादी मिल जाएगी, तो जालसाजों के लिए किसी दूसरे के नाम का फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को धोखा देना आसान हो सकता है।
बता दें कि मेटा ने अपने वॉट्सएप में मोबाइल नंबर बताए बिना चैट करने वाला फीचर लॉन्च किया है। इसमें लोग सिर्फ यूजरनेम के जरिए किसी नए व्यक्ति से चैट कर सकते हैं। मेटा ने तीन दिन पहले यूजरनेम फीचर लॉन्च किया था।
इसे भी पढ़ें- https://tesariaankh.com/ram-charan-peddi-ott-release-date-netflix-hindi-telugu-streaming-2026/
कंपनी ने 29 जून से दुनियाभर में यूजरनेम का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। हालांकि, यह सुविधा सभी यूजर्स को एक साथ नहीं मिलेगी। आने वाले कुछ महीनों में इसे धीरे-धीरे सभी देशों में रोल आउट किया जाएगा। जब यह फीचर यूजर के इलाके में उपलब्ध होगा, तब उसके वॉट्सएप के अंदर नोटिफिकेशन मिलेगा।








