वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

UP power consumers: डबल धमाका, बिल जमा करने का आज 29 जून को एक और मौका, जुलाई में बड़ी राहत

UP power consumers: उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। एक ओर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन (यूपीपीसीएल) ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को जून 2026 का बिजली बिल बिना विलंब अधिभार के जमा करने के लिए 29 जून (सोमवार) तक का अतिरिक्त समय दिया है, वहीं दूसरी ओर राज्य विद्युत नियामक आयोग के निर्देश के बाद जुलाई में आने वाला बिजली बिल चार प्रतिशत तक कम हो सकता है।

जल्दी, आज ही बिल जमा कर पाएं राहत

यूपीपीसीएल की सहयोगी विद्युत वितरण कंपनियों ने जून 2026 का स्मार्ट मीटर बिल पोस्टपेड आधार पर जारी किया है। जिन उपभोक्ताओं की बिल भुगतान की अंतिम तिथि 29 जून से पहले थी, उनके लिए अब अंतिम तिथि 29 जून कर दी गई है। इस अवधि के भीतर भुगतान करने पर किसी भी प्रकार का विलंब अधिभार (लेट फीस) नहीं लिया जाएगा।

बिजली कंपनियों ने बिल की जानकारी उपभोक्ताओं को एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी है। जिन उपभोक्ताओं को बिल प्राप्त नहीं हुआ है, वे संबंधित वितरण निगम के व्हाट्सएप चैटबॉट, हेल्पलाइन नंबर 1912 या यूपीपीसीएल की वेबसाइट से खाता या कनेक्शन संख्या दर्ज कर बिल डाउनलोड कर सकते हैं। बिल का भुगतान पेटीएम, गूगल पे, फोनपे, अमेजन पे, विभागीय काउंटर, जन सुविधा केंद्र, विद्युत सखी, सहज, व्यमटेक, सरल और बीएलएस केंद्रों पर भी किया जा सकता है।

जुलाई का बिल ला सकता है राहत

इधर, प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने ईंधन एवं बिजली खरीद लागत समायोजन (एफपीपीसीए) के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पावर कॉरपोरेशन को पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और कानून के अनुरूप लागू करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि बिजली कंपनियां अब एफपीपीसीए में पुराने बकाए को नहीं जोड़ सकेंगी।

राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के अनुसार, आयोग के इस फैसले का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को जुलाई में मिलने वाले बिजली बिल में दिखाई दे सकता है। यदि एफपीपीसीए पूरी तरह नियमों के अनुसार लागू किया गया तो बिजली बिल में करीब चार प्रतिशत तक की कमी संभव है। उनका कहना है कि जब-जब बिजली कंपनियों ने कानून के अनुरूप एफपीपीसीए लागू किया है, तब-तब उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिला है।

ऐसे में उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को फिलहाल दोहरी राहत मिलने की उम्मीद है—एक ओर 29 जून तक बिना लेट फीस के बिल जमा करने की सुविधा और दूसरी ओर जुलाई के बिजली बिल में संभावित कमी।

इस खबर को भी पढ़ें- https://tesariaankh.com/up-government-partners-with-tata-technologies/

Tesari Aankh
Author: Tesari Aankh

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें