उत्तर प्रदेश में लोग जहां बारिश की एक एक बूंद को तरस रहे हैं वहीं सिक्किम में बारिश तबाही मचा रही है। आज लखनऊ में कहीं कहीं हल्की बारिश हुई है। मानसून में देेरी के चलते किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा रहा है।
सिक्किम में भारी बारिश से व्यापक तबाही मची है। मांगन जिले में फी खोला नदी पर बना एक पुल बह गया है, जिससे राज्य के कई हिस्से बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं और सड़क संपर्क बाधित हो गया है। फी खोला नदी में लगातार बारिश के कारण पानी का स्तर बढ़ने से शनिवार देर रात फिडांग और संकलंग को जोड़ने वाला यह पुल बह गया। पुल के टूटने से जोंगू निर्वाचन क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह से कट गया है और सात से अधिक ग्राम पंचायत इकाइयों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
पंचायत सदस्य सोनम लेपचा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी में पानी भर जाने से पुल बह गया। मांगन के उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों सहित अधिकारी रविवार को नुकसान का जायजा लिया। अभी जांच जारी है।
भारी बारिश से जबर्दस्त तबाही
भारी बारिश ने तुमिन-लिंगी निर्वाचन क्षेत्र के लिंगी के ऊपरी काव खोला क्षेत्र में भी व्यापक तबाही मचाई है। बाढ़ के पानी ने एक पुल को बहा दिया और स्थानीय समुदायों को जोड़ने वाले मार्गों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे कई इलाके अलग-थलग पड़ गए हैं। काव क्षेत्र की मुख्य सड़कें और लिंगी को पायॉन्ग से जोड़ने वाली सड़क भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे यातायात ठप्प हो गया है। उफनती नदी ने क्षेत्र की प्राथमिक पेयजल पाइपलाइन और आपूर्ति प्रणाली को भी बहा दिया है, जिससे नागरिकों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
तीस्ता बेसिन में, नदी का जलस्तर बढ़ने से सिक्किम-उत्तर बंगाल सीमा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के कुछ हिस्से जलमग्न हो गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है और यातायात में और बाधा उत्पन्न हुई है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मौसम विज्ञान केंद्र, गंगटोक ने रविवार सुबह 8:00 बजे ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसमें मंगन, गंगटोक, पाकयोंग, ग्यालशिंग, सोरेंग और नामची जिलों में हल्की से मध्यम गरज के साथ मध्यम से भारी वर्षा और कुछ स्थानों पर तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई थी।
आईएमडी ने निवासियों को गरज के साथ तूफान के दौरान घर के अंदर रहने और बिजली गिरने, निचले इलाकों में जलभराव, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की संभावना के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी है। आईएमडी ने अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम तक प्रभावित क्षेत्रों से किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है। लगातार बारिश के कारण राज्य भर में और अधिक नुकसान होने की आशंका बनी हुई है, इसलिए अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।








