Lawrence Bishnoi Gang: बालीवुड के अंडरवर्ल्ड के निशाने पर होने को लेकर चल रही खबरें थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। पहले कमल हसन ने कहा उन्होंने अंडरवर्ल्ड और कालेधन के चलते बालीवुड छोड़ा, फिर सलमान भाई की खबर आई की अंडरवर्ल्ड के निशाने पर आने के बाद वह अपना घर बदलने जा रहे हैं। अभी इन खबरों पर चर्चाएं थमी भी नहीं थीं कि जुहू स्थित घर पर हुई गोलीबारी के महीनों बाद, फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से ताजा धमकी मिली है, जिसमें उनसे 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। यह धमकी कथित तौर पर एक ऑडियो क्लिप के माध्यम से दी गई थी, जिसमें आरोपियों ने कहा है कि अगर निर्देशक ने पैसे नहीं दिए, तो इस बार सीधा निशाना वे खुद होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑडियो क्लिप में कहा गया है कि रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई गोलीबारी तो सिर्फ ट्रेलर था, अगर उन्होंने उन्हें पैसे नहीं दिए, तो इस बार गोलियां सीधे फिल्म निर्माता पर चलाई जाएंगी।
आडियो क्लिप में है शुभम लोनकर की आवाज
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह रोहित शेट्टी के स्टाफ को करीब 90 सेकंड की एक ऑडियो क्लिप मिली। माना जा रहा है कि इस क्लिप में लॉरेंस के करीबी सहयोगी शुभम लोनकर की आवाज है, जो 2024 में नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में वांछित है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि रोहित शेट्टी के स्टाफ ने ऑडियो क्लिप पुलिस को सौंप दी है। शुरुआती जांच के मुताबिक, क्लिप में आवाज शुभम लोनकर की ही मानी जा रही है। क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। आपको याद दिला दें कि फरवरी में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर, हास्य कलाकार महमूद चौक के पास पांच गोलियां चलाई गईं थीं। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गिरोह ने ली थी।
गोलियां बाइक पर सवार दीपक शर्मा ने चलाई थीं, जिसे बाद में आगरा में गिरफ्तार कर लिया गया था। मुंबई क्राइम ब्रांच ने अप्रैल में इस गोलीबारी की घटना के संबंध में 1,624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट में 15 आरोपियों के नाम थे, जिनमें प्रवीण लोनकर और आरज़ो बिश्नोई को फरार घोषित किया गया था।








