Ramlila Maidan Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में जिस तरह जनता का जुड़ाव दिखाई दिया, उसने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि विपक्ष जिन मुद्दोंको लेकर सत्ता पक्ष को घेर रहा है, उनके प्रति जनता में आकर्षण और बेचैनी दोनों मौजूद हैं। यह भी साफ दिखाई दिया कि सत्तारूढ़ भाजपा गठबंधन सरकार को लेकर जनता के एक बड़े वर्ग के मन में सवाल हैं। लेकिन दिल्ली के इस शक्ति प्रदर्शन का असली राजनीतिक हासिल क्या रहा? क्या यह सिर्फ विपक्ष की ताकत दिखाने वाली एक रैली थी या फिर इसने देश की राजनीति को कोई नया संदेश भी दिया है?
विपक्ष को संजीवनी, क्या ईवीएम की लड़ाई को मिलेगा अंजाम
दिल्लीए तो रामलीला मैदान का यह शक्ति प्रदर्शन विपक्षी दलों के लिए सबक भी है और संजीवनी भी। संजीवनी इसलिए कि विपक्ष को यह भरोसा मिला है कि जनता उसके मुद्दों को सुनने और उसके साथ खड़े होने के लिए तैयार है। सबक इसलिए कि अब विपक्ष को अपनी राजनीतिक लड़ाई अकेले-अकेले लड़ने की मानसिकता छोड़नी होगी। उसे समझना होगा कि अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता। जब तक विपक्षी दल साझा मुद्दों पर साझा रणनीति के साथ ईमानदारी से मैदान में नहीं उतरेंगे, तब तक जनता का समर्थन चुनावी सफलता में बदलना मुश्किल होगा।
जनता का समर्थन है, फिर चुनावी नतीजों में क्यों नहीं दिखता?
आज देश के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जनता का वोट जा कहां रहा है? चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर उमड़ती भीड़, सरकार के खिलाफ उठती आवाजें और विपक्षी मुद्दों पर दिखाई देने वाला जनसमर्थन कई बार चुनावी नतीजों से बिल्कुल उलट तस्वीर पेश करता है। यह विरोधाभास लोगों के मन में सवाल पैदा कर रहा है।
जनता का सवाल महत्वपूर्ण, मतदान और नतीजों में अंतर क्यों
विपक्षी दलों के समर्थकों और सत्ता विरोधी मतदाताओं की सक्रियता चुनावी सभाओं से लेकर मतदान केंद्रों तक दिखाई देती है, लेकिन जब नतीजे सामने आते हैं तो कई बार तस्वीर एकदम अलग होती है। जिन इलाकों में विपक्ष को मजबूत समर्थन मिलने की उम्मीद होती है, वहां भी उसे निराशा हाथ लगती है। ऐसे में जनता के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर मतदान और चुनावी नतीजों के बीच यह अंतर क्यों दिखाई देता है?
चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता का संकट
यहां सवाल केवल किसी एक पार्टी की हार या जीत का नहीं है। सवाल चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता और मतदाता के भरोसे का है। विपक्ष लंबे समय से ईवीएम की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाता रहा है। इन सवालों को लेकर जनता के मन में भी संदेह और जिज्ञासा है। हालांकि चुनावी नतीजों में अंतर को अपने आप में गड़बड़ी का प्रमाण नहीं माना जा सकता, लेकिन लोकतंत्र में उठने वाले ऐसे सवालों का जवाब देना और संदेह दूर करना चुनावी व्यवस्था की जिम्मेदारी है।

विपक्ष की एकजुटता ने जनता को दिया भरोसा
रामलीला मैदान की रैली का एक बड़ा संदेश यह भी है कि जब विपक्षी दल अलग-अलग झंडों और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर किसी साझा मुद्दे पर एक मंच पर आते हैं तो जनता भी उनके साथ जुड़ने को तैयार होती है। जनता को शायद पहली बार यह भरोसा दिखाई दिया कि विपक्ष केवल चुनावी गठबंधन बनाने या सीटों के बंटवारे तक सीमित नहीं है, बल्कि कुछ बुनियादी सवालों पर मिलकर संघर्ष करने की इच्छाशक्ति भी रखता है।
आसान नहीं भरोसा बनाए रखना
लेकिन इस भरोसे को बनाए रखना आसान नहीं होगा। विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह इस एकजुटता को रैली के मंच से निकालकर जमीन पर उतारे। साझा कार्यक्रम तैयार करे, जनता के सामने अपनी प्राथमिकताएं रखे और यह बताए कि सत्ता में आने पर वह किन मुद्दों पर क्या करेगा।
सिर्फ विरोध की राजनीति विकल्प नहीं
सिर्फ भाजपा का विरोध करना विपक्ष की राजनीति का विकल्प नहीं हो सकता। जनता को यह भी दिखना चाहिए कि विपक्ष के पास देश के लिए एक वैकल्पिक राजनीतिक दृष्टि और कार्ययोजना है। उसे यह भरोसा दिलाना होगा कि उसका वोट केवल सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था में जरूरी बदलाव लाने के लिए भी होगा।
ईवीएम के सवाल पर आधी लड़ाई नहीं लड़ सकता विपक्ष
हालांकि विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती अभी भी ईवीएम का मुद्दा है। विपक्षी दल चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूची में बदलाव और ईवीएम की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या इन मुद्दों पर केवल रैलियां करने, बयान जारी करने और चुनाव आयोग से शिकायत करने भर से उनकी लड़ाई पूरी हो जाएगी?
जनता के सवाल को निर्णायक मुकाम चाहिए
अगर विपक्ष को वास्तव में लगता है कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में संदेह है तो उसे इस सवाल को तार्किक और निर्णायक मुकाम तक पहुंचाना होगा। इसके लिए केवल राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय ठोस प्रमाण, पारदर्शिता की मांग और स्वतंत्र जांच की पहल भी जरूरी है।
लम्बी है समर्थन को चुनावी जीत में बदलने की दूरी
विपक्ष को यह भी समझना होगा कि जनता का समर्थन जुटाना एक बात है और उस समर्थन को चुनावी जीत में बदलना दूसरी बात। जब तक चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं होगा, तब तक विपक्ष के सामने यह चुनौती बनी रहेगी कि जनता का समर्थन आखिर वोटों में किस तरह तब्दील हो।
क्या चुनाव बहिष्कार बन सकता है विपक्ष का आखिरी हथियार?
ऐसी स्थिति में विपक्ष को अपनी रणनीति पर गंभीरता से विचार करना होगा। यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उसके सवालों का समाधान नहीं होता और उसकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जाता है तो क्या उसे एक कदम आगे बढ़कर सामूहिक रूप से चुनाव बहिष्कार जैसे विकल्प पर विचार करना चाहिए?
निश्चित रूप से यह आसान फैसला नहीं
चुनाव का बहिष्कार करने का अर्थ अपने राजनीतिक अधिकार और जनता के प्रतिनिधित्व के अवसर को दांव पर लगाना भी है। इसका लाभ सत्तारूढ़ दल को मिल सकता है। इसलिए ऐसा कोई कदम भावनात्मक आवेश में नहीं, बल्कि सभी विपक्षी दलों की सहमति, स्पष्ट रणनीति और व्यापक जनसमर्थन के आधार पर ही उठाया जाना चाहिए।
चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता के सवाल पर समझौता नहीं
लेकिन विपक्ष को कम से कम इतना स्पष्ट कर देना चाहिए कि वह चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता के सवाल पर समझौता नहीं करेगा। यदि उसकी मांग बैलेट पेपर से चुनाव कराने की है तो उसे इस मांग के पक्ष में संवैधानिक, तकनीकी और व्यावहारिक आधारों के साथ एक साझा अभियान चलाना चाहिए। चुनाव बहिष्कार जैसे कठोर विकल्प को भी इसी व्यापक रणनीति के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
जनता को सिर्फ सरकार नहीं, भरोसेमंद चुनाव व्यवस्था चाहिए
लोकतंत्र में सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन चुनावी व्यवस्था पर जनता का भरोसा कमजोर पड़ जाए तो उसका नुकसान पूरे लोकतंत्र को उठाना पड़ता है। किसी भी चुनाव में जीतने वाली पार्टी की वैधता केवल सीटों की संख्या से नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता से भी तय होती है।
स्थायी राजनीतिक आंदोलन में बदलने का अवसर
रामलीला मैदान की भीड़ ने विपक्ष को एक अवसर दिया है। यह अवसर केवल अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने का नहीं, बल्कि जनता के भरोसे को एक स्थायी राजनीतिक आंदोलन में बदलने का है। विपक्ष को समझना होगा कि जनता उसके साथ तभी तक खड़ी रहेगी, जब तक उसे विपक्ष की नीयत, एकजुटता और संघर्ष में ईमानदारी दिखाई देगी।
विपक्ष के सामने दो रास्ते
अब विपक्ष के सामने दो रास्ते हैं। पहला, वह इस भीड़ को अपनी राजनीतिक सफलता मानकर फिर पुराने ढर्रे पर लौट जाए। दूसरा, वह इस जनसमर्थन को एक साझा आंदोलन की ताकत बनाए और चुनावी सुधारों सहित उन सभी सवालों पर निर्णायक लड़ाई लड़े, जिन्हें लेकर जनता के मन में संदेह है। इसके लिए विपक्ष को व्यक्तिगत इगो को तिलांजलि देनी होगी और सामूहिक हित के कठोर फैसले लेने होंगे।
आगे की रणनीति तय करेगी रैली की सफलता का भविष्य
रामलीला मैदान ने विपक्ष को संजीवनी तो दे दी है, लेकिन यह संजीवनी कितने दिन काम आएगी, इसका फैसला विपक्ष की अगली रणनीति करेगी। जनता ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। अब बारी विपक्ष की है कि वह अपनी एकजुटता और इच्छाशक्ति साबित करे। क्योंकि लोकतंत्र में केवल भीड़ जुटाना काफी नहीं होता, उस भीड़ के भरोसे को नतीजों में बदलने की क्षमता भी दिखानी पड़ती है।








