रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने घोषणा की है कि ‘रामायण पार्ट 1’ का ट्रेलर अब 24 जुलाई को रिलीज नहीं होगा। ट्रेलर की रिलीज को फिलहाल टाल दिया गया है और इसे बाद में वैश्विक स्तर पर लॉन्च किया जाएगा।
नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘रामायण’ को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी की गई है। निर्माता के मुताबिक, इस साझेदारी के बाद फिल्म को वैश्विक स्तर पर पेश करने की उनकी योजना को नई दिशा मिली है।
इस वजह से टला ट्रेलर
नमित मल्होत्रा ने लिखा कि यह ‘रामायण’ के लिए बेहद खास पल है। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी से उनका यह सपना साकार हो रहा है कि भारतीय संस्कृति और इसकी समृद्ध कहानियों को दुनिया के सामने बड़े वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत किया जाए। इसी वजह से फिल्म के ट्रेलर को अब बाद में दुनिया भर में एक साथ लॉन्च करने का फैसला किया गया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारतीय सिनेमा के 100 से अधिक वर्षों के इतिहास में यह एक गौरवपूर्ण क्षण होगा, जब ‘रामायण’ को किसी बड़ी वैश्विक हॉलीवुड फिल्म की तरह दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। उनका मानना है कि यह साझेदारी दुनिया भर के लोगों को भारतीय संस्कृति और हमारी कहानियों की समृद्ध विरासत से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर बनेगी।
नमित मल्होत्रा ने फिल्म के प्रशंसकों और श्रद्धालुओं का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश के युवा ही भविष्य हैं और भविष्य की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय हिंद’ के साथ किया।
ट्रेलर टलने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर ‘रामायण‘ को लेकर चर्चा तेज हो गई। बड़ी संख्या में प्रशंसक 24 जुलाई को ट्रेलर रिलीज होने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में ट्रेलर की रिलीज टलने से जहां कुछ प्रशंसक निराश हुए, वहीं सोनी पिक्चर्स के साथ वैश्विक साझेदारी की घोषणा ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
सीबीएफसी से मिल चुका है ट्रेलर को ‘यू’ सर्टिफिकेट
‘रामायण’ के ट्रेलर को लेकर एक अहम जानकारी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के रिकॉर्ड से भी सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ट्रेलर को ‘यू’ यानी यूनिवर्सल सर्टिफिकेट दिया गया है। इसका मतलब है कि इसे सभी आयु वर्ग के दर्शक देख सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह प्रमाणपत्र 15 जुलाई को जारी किया गया था।
सीबीएफसी रिकॉर्ड के मुताबिक, फिल्म के ट्रेलर के दो संस्करण तैयार किए गए हैं। इनमें एक सामान्य संस्करण 4 मिनट 15 सेकंड लंबा है, जबकि थिएट्रिकल वर्जन की अवधि 4 मिनट है।
हनुमान जयंती पर जारी हुआ था ‘राम’ टीजर
इससे पहले इसी साल अप्रैल में हनुमान जयंती के मौके पर फिल्म का परिचयात्मक टीजर ‘राम’ जारी किया गया था। करीब 2 मिनट 38 सेकंड के इस टीजर में रणबीर कपूर पहली बार भगवान राम के किरदार में नजर आए थे। टीजर को भी सीबीएफसी से ‘यू’ सर्टिफिकेट मिला था।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म को बड़े वैश्विक स्तर पर पेश करने की तैयारी है और इसे आईमैक्स रिलीज के लिए भी तैयार किया जा रहा है। ‘रामायण पार्ट 1’ दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है, जबकि फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।
सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के बाद अब फिल्म के ट्रेलर की नई रिलीज डेट का इंतजार है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि निर्माता ‘रामायण’ के ट्रेलर को वैश्विक स्तर पर किस रणनीति के साथ लॉन्च करते हैं।








