वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Al-Badr Commander Shot Dead: PoK में भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी अरजमंद गुलजार ढेर पाकिस्तान में आतंकियों की आपसी खूनी जंग में एक और कमांडर साफ

Al-Badr Commander Shot Dead: पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में छिपे भारत के दुश्मनों और खूंखार आतंकियों के सफाए का सिलसिला थम नहीं रहा है। अज्ञात हमलावरों के निशाने पर इस बार प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘अल-बद्र‘ का टॉप ऑपरेशनल कमांडर अरजमंद गुलजार उर्फ ​​बुर्हान हम्जा आया है। पीओके के मुजफ्फरबाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने उसे गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया।

मारा गया आतंकी अरजमंद गुलजार मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा का रहने वाला था। करीब 7 साल पहले वह सीमा पार पाकिस्तान भाग गया था, जहां वह अल-बद्र आतंकी संगठन में शामिल हो गया। अपनी क्रूरता और भारत विरोधी हरकतों के कारण वह जल्द ही इस संगठन का मुख्य कमांडर बन गया और पाकिस्तान में बैठकर घाटी में टेरर नेटवर्क चलाने लगा। भारत के गृह मंत्रालय (MHA) ने साल 2022 में ही उसे आधिकारिक तौर पर आतंकवादी घोषित कर दिया था।

पाकिस्तान में आतंकियों की आपसी जंग या कोई और खौफ

सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, साल 2023 से लेकर अब तक पाकिस्तान और पीओके की धरती पर लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे खूंखार आतंकी संगठनों के 50 से अधिक टॉप कमांडर अज्ञात हमलावरों की गोलियों का शिकार बन चुके हैं। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह पाकिस्तान में मौजूद आतंकी गुटों के बीच वर्चस्व, फंडिंग और पैसों के बंटवारे को लेकर छिड़ी आपसी खूनी जंग का नतीजा भी हो सकता है।

डिजिटल प्रोपेगैंडा से युवाओं को भड़काने का मॉडल

मारा गया आतंकी अरजमंद गुलजार घाटी में ठीक उसी ‘डिजिटल रेडिकलाइजेशन मॉडल’ पर काम कर रहा था, जिस पर कभी हिजबुल का कमांडर बुरहान वानी काम करता था। वह सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क का इस्तेमाल कर दक्षिण कश्मीर (पुलवामा, शोपियां और अवंतीपोरा) के युवाओं को गुमराह कर आतंकवाद की भट्टी में झोंकने का काम करता था। पाकिस्तान में बैठकर वह ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) के जरिए कश्मीर में हथियार, आरडीएक्स और पैसा भिजवाता था। ग्रेनेड हमलों और आतंकियों की भर्ती के कई मामलों में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

हाल ही में ढेर हुए अन्य बड़े आतंकी चेहरे

पाकिस्तान में छिपे भारत के दुश्मनों पर लगातार हो रहे इन हमलों से आतंकी संगठनों की कमर पूरी तरह टूट चुकी है:

  • शेख यूसुफ अफरीदी (लश्कर कमांडर): इसी साल अप्रैल महीने में लश्कर-ए-तैयबा के इस बड़े कमांडर को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भून दिया था। अफरीदी मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेहद करीबी माना जाता था।

  • अमीर हम्जा (लश्कर का संस्थापक सदस्य): मार्च महीने में लाहौर में एक टीवी स्टेशन के बाहर अज्ञात हमलावरों ने लश्कर के इस संस्थापक सदस्य को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की थी, हालांकि इस हमले में वह बाल-बाल बच गया था।

कश्मीर में अमन-चैन को दोबारा बिगाड़ने की कोशिश में जुटे आतंकी आकाओं के लिए अरजमंद गुलजार का मारा जाना एक बहुत बड़ा और करारा झटका माना जा रहा है।

Tesari Aankh
Author: Tesari Aankh

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें