Election 2027: बहुजन समाज पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए नये कलेवर में पूरी तैयारी से उतरने की तैयारी में है। इसके लिए मायावती काफी समय बाद एक्टिव हो गई हैं। नये चेहरों की जगह पुराने विश्वसनीय चेहरों पर भरोसा बनेगा पार्टी का आधार। यह संकेत 3 सितंबर की ऑल इंडिया बैठक के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बदलाव की आहट से दिखाई दिये। विधानसभा चुनाव से पहले बसपा सिर्फ संगठनात्मक स्तर पर नहीं, बल्कि मायावती की पूरी राजनीतिक कार्यशैली पार्टी को नए सिरे से गढ़ने और कांशीराम की बसपा का मूल स्वरूप लौटाने की कोशिश में है?
अगर तीन सितंबर की बैठक में मायावती के संदेश को गौर से पढ़ें तो संकेत साफ हैं। एक तरफ उन्होंने पार्टी के छोटे-बड़े पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने और जमीनी स्तर पर जनाधार बढ़ाने का निर्देश दिया है, वहीं दूसरी तरफ परिवारवाद को लेकर अपनी स्थिति पहले से कहीं अधिक स्पष्ट कर दी है। उन्होंने साफ कहा कि जिस तरह कांशीराम परिवार के सदस्यों को पार्टी के काम में सहयोग की अनुमति देते थे, लेकिन उन्हें चुनाव लड़ाने या सत्ता मिलने पर पद देने के पक्ष में नहीं थे, पार्टी उसी सिद्धांत पर आज भी कायम हैं। यही वह बिंदु है जहां से बसपा की आगामी राजनीति का नया अध्याय शुरू होता दिखाई देता है।
रिश्तेदारी नहीं, संगठन
भारतीय राजनीति में परिवारवाद कोई नया विषय नहीं है। लगभग सभी बड़े राजनीतिक दलों पर किसी न किसी स्तर पर परिवार-केंद्रित राजनीति के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे समय में मायावती का अपने ही परिवार को लेकर सार्वजनिक रूप से सीमा रेखा खींचना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। और ये सीधे सीधे भाजपा को ललकार है जो खुद को नेताओं को परिवारीजनों को टिकट देने और पद देने से बचा नहीं पा रही है।
मायावती के संदेश के निहितार्थ
मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में काम करने की इजाजत तो दी है, लेकिन बड़ी जिम्मेदारी देने से इनकार कर दिया है। इसके लिए आकाश आनंद में अभी और परिपक्वता की जरूरत बताई है। यह सिर्फ किसी एक नेता की जिम्मेदारी कम करने का फैसला नहीं है, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को यह संदेश भी है कि परिवार में पैदा होना और राजनीतिक जिम्मेदारी हासिल करना दो अलग-अलग बातें हैं।
मेच्योरिटी का तर्क
आकाश आनंद को लेकर मायावती का यह रुख इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें एक समय पार्टी के भविष्य के चेहरे और राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखा गया था। अब मायावती ने खुद यह संकेत दिया है कि उत्तराधिकार की राजनीति से पहले संगठन और राजनीतिक परिपक्वता को प्राथमिकता दी जाएगी। इस घटनाक्रम की स्वतंत्र रिपोर्टिंग में भी आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी से फिलहाल दूर रखने और मायावती के ‘मोर मैच्योरिटी’ वाले तर्क को प्रमुखता दी गई है।
क्या ये है बंगाल का सबक
यहां पश्चिम बंगाल का उदाहरण भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि ममता बनर्जी की हार के पीछे भी बुआ भतीजे की जोड़ी जिम्मेदार मानी गई। परिवारवाद ने कार्यकर्ताओं को दूर किया। 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 45.9 प्रतिशत के आसपास वोट शेयर के साथ 208 सीटें हासिल कीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस गठबंधन करीब 41 प्रतिशत वोट के साथ 80 सीटों तक सिमट गया। इस चुनाव ने एक बार फिर यह दिखाया कि मजबूत क्षेत्रीय पहचान के बावजूद संगठन, नेतृत्व की विश्वसनीयता और व्यापक सामाजिक समर्थन का समीकरण चुनावी परिणाम को पलट सकता है। बसपा के लिए पश्चिम बंगाल का सबक सीधे-सीधे किसी एक दल या व्यक्ति के परिवारवाद से जोड़ना राजनीतिक रूप से अतिसरलीकरण होगा। लेकिन व्यापक संदेश जरूर महत्वपूर्ण है—मतदाता अब सिर्फ पार्टी की पहचान नहीं, नेतृत्व की विश्वसनीयता, संगठन की क्षमता और जमीन पर मौजूदगी को भी तौल रहा है। यही वजह है कि मायावती अब पार्टी को परिवार-केंद्रित उत्तराधिकार की बहस से निकालकर संगठन-केंद्रित राजनीति की तरफ ले जाने की कोशिश करती दिखाई दे रही हैं।
आकाश आनंद के पर कतरे, लेकिन रास्ता बंद नहीं किया
मायावती के बयान की सबसे दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने आकाश आनंद को पूरी तरह राजनीति से बाहर नहीं किया है। उन्होंने साफ कहा कि आकाश पार्टी में काम कर सकते हैं, लेकिन अभी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा। यानी दरवाजा बंद नहीं हुआ है, लेकिन सत्ता की सीढ़ी फिलहाल रोक दी गई है।
यह रणनीति मायावती को दो फायदे दे सकती है। पहला, पार्टी के पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं को यह संदेश जाएगा कि संगठन में मेहनत और अनुभव की जगह अभी भी बनी हुई है। दूसरा, आकाश आनंद को तत्काल पार्टी के चेहरे के रूप में प्रोजेक्ट करने से पैदा होने वाली राजनीतिक और संगठनात्मक जोखिम की संभावना कम होगी। आकाश की भूमिका में यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सितंबर की बैठक में उनकी अनुपस्थिति और उनके भाई ईशान आनंद की मौजूदगी ने उत्तराधिकार को लेकर अटकलों को हवा दी। हालांकि इसे भविष्य के नेतृत्व परिवर्तन का संकेत मानना अभी जल्दबाजी होगी।
साधारण कार्यकर्ता फिर केंद्र में आएगा?
बसपा की सबसे बड़ी चुनौती पिछले कुछ वर्षों में सिर्फ चुनावी प्रदर्शन नहीं, बल्कि उसके संगठन और जमीनी कार्यकर्ता की सक्रियता भी रही है। मायावती की ताजा बैठक में बार-बार संगठन की समीक्षा, कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने और राज्यों में पार्टी का जनाधार बढ़ाने पर जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्यों को लेकर विशेष तैयारी का निर्देश भी इसी रणनीति का हिस्सा है। इसका मतलब यह निकाला जा सकता है कि 2027 में बसपा की रणनीति केवल मायावती के चेहरे और पारंपरिक वोट बैंक पर निर्भर रहने की नहीं होगी। पार्टी अब बूथ से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर तक संगठन को फिर सक्रिय करने की कोशिश कर रही है। यही वह जगह है जहां साधारण कार्यकर्ता की भूमिका फिर महत्वपूर्ण हो सकती है।

अगर बसपा अपने पुराने कैडर को सक्रिय करने में सफल होती है और उसके साथ सर्वसमाज में नए सामाजिक समूह जोड़ पाती है, तो पार्टी 2027 में सिर्फ वोट काटने वाली ताकत के बजाय निर्णायक राजनीतिक शक्ति बनने की कोशिश कर सकती है।
गठबंधन की राजनीति से भी दूरी
मायावती ने इस बैठक में देश के सभी छोटे-बड़े चुनाव अकेले लड़ने का फैसला दोहराया है। इसका सबसे बड़ा असर उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पड़ेगा। 2027 में भाजपा, सपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले के बीच बसपा का अलग मैदान में उतरना चुनावी गणित को जटिल बनाएगा। लेकिन यहां बसपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि अकेले चुनाव लड़ने का फैसला तभी राजनीतिक रूप से प्रभावी होगा, जब पार्टी अपने पुराने वोट आधार को सक्रिय रख सके और नए सामाजिक समूहों में अपनी स्वीकार्यता बढ़ा सके। सिर्फ अकेले लड़ना राजनीतिक स्वतंत्रता है; अकेले जीतने के लिए संगठन और सामाजिक विस्तार दोनों चाहिए।
पहले मरम्मत फिर विस्तार
मायावती शायद इसी अंतर को समझते हुए पहले संगठन की मरम्मत और उसके बाद चुनावी विस्तार की रणनीति पर काम करती दिख रही हैं। ‘शोषित वर्ग को शासक वर्ग’ बनाने का पुराना नारा, नया राजनीतिक पैकेज मायावती ने बैठक में कांशीराम के मिशन और ‘शोषित वर्ग को शासक वर्ग’ बनाने के लक्ष्य को फिर केंद्र में रखा। लेकिन इस बार इसके साथ एक और संदेश जुड़ा है—बहुजन राजनीति को सिर्फ एक वर्ग की राजनीति तक सीमित नहीं रखना।
सर्वसमाज में जनाधार बढ़ाने की बात
बसपा का मूल सामाजिक आधार उसका सबसे बड़ा राजनीतिक संसाधन है, लेकिन 2027 में केवल उसी आधार पर सत्ता तक पहुंचना आसान नहीं होगा। इसलिए मायावती के सामने चुनौती दोहरी है—कोर वोट को बचाना और उसके बाहर विस्तार करना। यही कारण है कि संगठनात्मक बैठकों से लेकर कांशीराम की पुण्यतिथि पर कार्यक्रमों तक, पार्टी कैडर को फिर मिशनरी अंदाज में सक्रिय करने की कोशिश दिखाई दे रही है।
2027 में मायावती की असली परीक्षा
मायावती के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि बसपा अकेले चुनाव लड़ेगी या किसी गठबंधन में जाएगी। यह फैसला वह कर चुकी हैं। असली सवाल यह है कि क्या वह बसपा को फिर ऐसी राजनीतिक मशीन में बदल पाएंगी, जिसमें बूथ स्तर का कार्यकर्ता सक्रिय हो, पुराने कैडर में ऊर्जा लौटे, सर्वसमाज में विस्तार हो और पार्टी का नेतृत्व परिवार की बजाय संगठन के जरिए दिखाई दे?
रिडिफाइनिंग पालिटिकल माडल
3 सितंबर की बैठक का संदेश अगर एक वाक्य में समझना हो तो वह यही है कि बसपा 2027 में सिर्फ चुनाव लड़ने की तैयारी नहीं कर रही, बल्कि अपने राजनीतिक मॉडल को फिर से परिभाषित करने की कोशिश कर रही है।
परिवार से दूरी, आकाश आनंद को फिलहाल बड़ी जिम्मेदारी से रोकना, संगठन के पुराने ढांचे को सक्रिय करना और किसी गठबंधन पर निर्भर न रहने का फैसला—ये चारों संकेत एक ही दिशा में जाते हैं।
सफलता की शर्त
हालांकि यह भी याद रखना होगा कि राजनीतिक फैसले और चुनावी परिणाम दो अलग चीजें हैं। बसपा का नया कलेवर तभी सफल माना जाएगा, जब यह बदलाव कागज और बैठकों से निकलकर जमीन, बूथ और मतदाता तक दिखाई दे।
इसलिए 2027 के चुनाव से पहले मायावती ने जो सबसे बड़ा राजनीतिक दांव खेला है, वह किसी दल के साथ गठबंधन का नहीं, बल्कि अपने ही संगठन को फिर से खड़ा करने का है। और इस प्रयोग का परिणाम उत्तर प्रदेश की राजनीति में बसपा की अगली भूमिका तय कर सकता है।








