राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को नकली भारतीय मुद्रा (FICN) की बरामदगी से जुड़े एक मामले में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आठ ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, आपत्तिजनक दस्तावेज और बांग्लादेशी मुद्रा समेत कई सामान जब्त करने का दावा किया है। गौरतलब है कि नकली नोटों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी करके करार प्रहार किया था। अब एक बार फिर नकली नोटों की खेप का मिलना देश की सुरक्षा एजेंसी को चौकन्ना कर रहा है। नकली नोटों से आम आदमी अपनी मूल पूंजी गंवा देता है और ठगी का शिकार बन जाता है।
NIA के अनुसार, तलाशी अभियान के तहत बिहार के गया में तीन, औरंगाबाद में दो, झारखंड के हजारीबाग में दो और पश्चिम बंगाल के मालदा में एक स्थान पर छापेमारी की गई।
यह मामला बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से 2,48,500 रुपये अंकित मूल्य के नकली भारतीय नोटों की बरामदगी से जुड़ा है। इस संबंध में मामला संख्या RC-02/2026/NIA/PAT दर्ज है।
2.48 लाख रुपये के नकली नोटों की बरामदगी से जुड़ा है मामला
नकली भारतीय मुद्रा की बरामदगी के बाद 15 अगस्त 2026 को मदनपुर थाने में चार आरोपियों सुरेंद्र कुमार, विजय यादव, रंजन और प्रदीप साव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बाद में गृह मंत्रालय के आदेश के बाद NIA ने 18 अक्टूबर को इस मामले को अपने हाथ में लेकर दोबारा केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
नकली नोटों की तस्करी में शामिल होने का आरोप
NIA का कहना है कि अब तक की जांच में सामने आया है कि इस मामले के आरोपी नकली भारतीय मुद्रा की तस्करी में शामिल थे। बुधवार को की गई छापेमारी के दौरान एजेंसी ने डिजिटल उपकरणों, आपत्तिजनक दस्तावेजों और बांग्लादेशी मुद्रा सहित अन्य वस्तुओं को जब्त किया है।
फिलहाल एजेंसी बरामद सामग्रियों की जांच कर रही है। छापेमारी और जब्ती से जुड़े तथ्यों के आधार पर नकली नोटों की तस्करी के नेटवर्क तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।








