वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

ब्रिटेन में सियासी भूचाल! क्या कीर स्टार्मर की विदाई की उल्टी गिनती शुरू?

लंदन। ब्रिटेन की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के इस्तीफे को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। ब्रिटिश मीडिया में आई रिपोर्टों के अनुसार, स्टार्मर सोमवार को अपने भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। यहां तक कहा जा रहा है कि वह पद छोड़ने की समय-सीमा भी तय कर सकते हैं। हालांकि, सरकार की ओर से इन खबरों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी जा रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि स्टार्मर पूरी तरह अपने सरकारी कामकाज पर ध्यान दे रहे हैं और फिलहाल इस्तीफे जैसी कोई बात नहीं है।

जानें क्या है पूरा मामला

दरअसल, पिछले कुछ महीनों में लेबर पार्टी के भीतर स्टार्मर की नेतृत्व क्षमता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई नीतिगत फैसलों में बदलाव और कुछ विवादों के बाद पार्टी के एक वर्ग में नाराजगी बढ़ी है। बताया जा रहा है कि करीब 100 से अधिक लेबर सांसद खुले तौर पर उनसे या तो इस्तीफा देने या फिर पद छोड़ने की स्पष्ट समय-सीमा बताने की मांग कर चुके हैं।

एंडी बर्नहैम संभावित उत्तराधिकारी?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हाल ही में एंडी बर्नहैम की संसदीय जीत ने पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को और हवा दे दी है। बर्नहैम को स्टार्मर के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है। यदि नेतृत्व परिवर्तन की नौबत आती है तो वह सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हो सकते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही स्टार्मर ने साफ कहा था कि वह किसी भी नेतृत्व चुनौती से पीछे हटने वाले नहीं हैं और पार्टी को अंदरूनी खींचतान से बचना चाहिए। लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि लगातार बढ़ते दबाव ने उनकी स्थिति को पहले की तुलना में कहीं ज्यादा कठिन बना दिया है।

वेस स्ट्रीटिंग का नाम भी संभावित दावेदारों में

इस बीच पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग का नाम भी संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है। ऐसे में यदि लेबर पार्टी में नेतृत्व की लड़ाई छिड़ती है तो आने वाले दिन ब्रिटिश राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

फिलहाल सभी की नजरें सोमवार पर टिकी हैं। अगर स्टार्मर कोई बड़ा फैसला लेते हैं तो यह सिर्फ लेबर पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरे ब्रिटेन की राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है।

इसे भी पढ़ें- https://tesariaankh.com/rahul-gandhi-kota-student-movement-civil-disobedience-history/

Tesari Aankh
Author: Tesari Aankh

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें