उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सेनाएं सजने लगी हैं। सभी पार्टियां और गठबंधन अपनी अपनी मोर्चेबंदी को लेकर स्थिति स्पष्ट करने में जुट गए हैं। सबसे बड़ा सवाल ये है कि इस चुनाव में किससी कितनी हिस्सेदारी और किसकी कितनी भागीदारी। अभी स्पष्ट रूप से उत्तर प्रदेश का मुख्य विपक्षी गठबंधन इस संबंध में जुटा हुआ है कि कैसे इस गठबंधन को बरकरार रखते हुए सीटों की हिस्सेदारी तय हो जाए। इस सम्बंध में समाजवादी पार्टी ने अपनी सहयोगी कांग्रेस को शुरुआती बातचीत में 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। बातचीत अभी जारी है लेकिन इस प्रस्ताव को कांग्रेस ने ठुकरा दिया है।
रामगोपाल ने दिखायी कांग्रेस को औकात
दोनों पक्षों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बारगेन जारी है। दोनों पार्टियों के नेताओं का दावा है कि बातचीत अच्छी है और आने वाले दिनों में डील पक्की हो जाएगी। शुरुआती बातचीत तीन घंटे से ज़्यादा समय तक चली। ऐसा लगता है कि सपा इस मामले में पहले से तय कर चुकी है कि वह कांग्रेस को अधिक सीटें नहीं देगी। इसलिए मीटिंग से पहले ही सपा के महासचिव राम गोपाल यादव ने कांग्रेस पार्टी को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कांग्रेस के राज्यसभा MP प्रमोद तिवारी के घर के बाहर मीडिया से कहा, पिछले चुनावों में कांग्रेस ने इनमें से दो सीटें जीती थीं, जबकि पार्टी चार पर दूसरे नंबर पर रही थी। बाकी 20 सीटों पर SP को 60,000 से 70,000 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को लगभग 2,000 वोट मिले थे। SP ये सीटें कांग्रेस पार्टी को देने का प्रस्ताव दे रही है। रामगोपाल को यकीन है कि कांग्रेस को छिटकने नहीं दिया जाएगा और डील हो जाएगी।
कांग्रेस चाहती है सम्मानजनक भागीदारी
उधर कांग्रेस का कहना है कि 26 सीटों की भागीदारी उसे मंज़ूर नहीं है। दरअसल कांग्रेस यह मानती है कि वह एक नेशनल पार्टी है, यह भी सही है कि उसका पहला मकसद उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को बुरी तरह हराना है। लेकिन वह सम्मानजनक सीट शेयर भी चाहती हैं। कांग्रेस ने करीब 130 सीटों पर दावेदारी पेश करते हुए लिस्ट शेयर की थी, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती हैं।
अखिलेश की चेतावनी
उधर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने परोक्ष रूप से कांग्रेस को धमकाया है कि अलायंस चुनाव जीतने के लिए बनते हैं और अलायंस पार्टियों को एक साथ काम करना होगा और इस तरह से एडजस्टमेंट करने होंगे जो एक-दूसरे के लिए सही हों। यानी अगर भाजपा को रोकना है तो उनके हिसाब से कांग्रेस को एडजस्ट करना होगा। हालांकि आगे वह कहते हैं कि बातचीत अभी चल रही है, और इस पर बात हो रही है कि हर पार्टी कितनी सीटों पर राज़ी हो सकती है और कितनी जीत सकती है। इसलिए, इस स्टेज पर कुछ भी कहना मुश्किल है।
नतीजा निकलने के संकेत नहीं
हालांकि दिल्ली बैठक के शुरुआती रुझानों से यह साफ लग रहा है कि इस दो दिवसीय बैठक में कोई नतीजा नहीं निकल रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भी कहते हैं कि हो सकता है 26 नवंबर के बाद कई फ़ेज़ में बातचीत हो और सपा-कांग्रेस को सीटों पर साफ़ सहमति बनाने में हफ़्ते लगेंगे।
इंडिया गठबंधन में बढ़ सकती है मारा मारी
अभी स्थिति बहुत साफ इसलिए भी नहीं है क्योंकि इंडिया गठबंधन में शामिल वामपंथी पार्टियां, जिसमें कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) लिबरेशन भी शामिल है। यह भी सीटें चाहेंगी। दूसरी संभावना राजग गठबंधन से निषाद पार्टी के छिटक कर इंडिया गठबंधन में आने की है जिसे संजय निषाद घर वापसी की बात कह चुके हैं। ओम प्रकाश राजभर भी करवट बदल सकते हैं। ऐसे में इंडिया गठबंधन में सीटों की मारा मारी हो सकती है।








