साल 2022 में केंद्र सरकार द्वारा जोर-शोर से शुरू की गई ‘अग्निपथ योजना’ एक बार फिर सुर्खियों में है। योजना की शुरुआत के समय से ही विपक्षी दल यह सवाल उठाते रहे हैं कि चार साल की सेवा पूरी करने के बाद इन युवाओं का भविष्य क्या होगा। अब जब 2022 में भर्ती हुए पहले बैच के रिटायरमेंट का समय नजदीक आया है, तो सरकार ने 75 फीसदी अग्निवीरों का कार्यकाल दो साल बढ़ाने का फैसला किया है। इस कदम के बाद विपक्ष ने सरकार पर योजना से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए फिर से सवाल दागने शुरू कर दिए हैं कि दो साल बाद इन जवानों का क्या होगा।
हालांकि, सरकार और सैन्य नेतृत्व ने इस फैसले के पीछे की रणनीति को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। सरकार के मुताबिक, यह कोई अचानक लिया गया यू-टर्न नहीं है, बल्कि योजना लागू करते समय ही इस तरह के मूल्यांकन और विस्तार का प्रावधान रखा गया था। इस मुद्दे पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणियम ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि तय नीति के तहत 25 फीसदी अग्निवीरों को स्थाई सैनिक के रूप में शामिल किया जाएगा, जबकि शेष 75 फीसदी जवानों का कार्यकाल अगले दो साल के लिए बढ़ाने की सिफारिश सेना ने की थी, जिसे मंजूरी मिल गई है।
सैन्य और सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस दो साल के विस्तार का मुख्य उद्देश्य इन 75 फीसदी अग्निवीरों को अपनी योग्यता साबित करने का एक और अवसर देना है। जो जवान इन दो वर्षों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें आगे चलकर स्थाई कैडर में शामिल किया जा सकेगा। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि सेना को नए सिरे से भर्ती और ट्रेनिंग पर खर्च नहीं करना पड़ेगा, और पहले से प्रशिक्षित ये जवान देश की सेवा में बने रहेंगे।
गौरतलब है कि जून 2022 में इस योजना के लॉन्च होने के बाद से ही कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल एनडीए सरकार पर हमलावर रहे हैं। विपक्ष ने शुरुआत में इसे ‘चुनावी हथकंडा’ बताते हुए आशंका जताई थी कि सेवा समाप्ति के बाद ये युवा ‘सड़कों पर बेरोजगार’ घूमेंगे। केंद्र सरकार का यह ताजा फैसला ऐसे समय में आया है जब इस महीने से साल के अंत तक 18,300 से अधिक अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल पूरा होने वाला था। इनमें से छह हजार से ज्यादा जवान पहले ही स्थाई हो चुके हैं, और अब शेष बचे जवानों को भी दो साल का अतिरिक्त अवसर मिल गया है।








