लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लड़कियों और महिलाओं पर होने वाले अपराधों के प्रति बहुत कठोर हैं लेकिन भाजपा के नेता और क्षेत्रीय क्षत्रप सत्तामद में अंधे हो चुके लगते हैं तभी तो फैजुल्लागंज के भाजपा के पार्षद ने और उसके गुर्गों ने एक असहाय महिला के पति की डंडों और चाबुक से पिटाई करने का दुस्साहस दिखाया। जानकारी के मुताबिक महिला आय प्रमाणपत्र बनवाने पार्षद के पास गई थी लेकिन उसे नहीं पता था वहां उसे पार्षद का ऐसा रूप देखने को मिलेगा। पुलिस पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक महिला गीता बाजपेयी बुधवार दोपहर पति के साथ आय प्रमाण पत्र बनवाने पार्षद रामूदास कनौजिया के कार्यालय गई थी। वहां आधार कार्ड पर दर्ज पते को दोनों का पार्षद से विवाद हो गया जिस पर आरोप है कि पार्षद और उसके भाई व वहां मौजूद दो अन्य लोगों ने उनके पति को पकड़कर डंडे और चाबुक से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए महिला से भी अभद्रता और धक्कामुक्की करने का आरोप है।
महिला और उसका पति किसी तरह जान बचाकर बहां से भागे। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो सत्ता पक्ष का मामला जानकर पहले पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की और समझौते का दबाव बनाया। मामला जब ज्यादा तूल पकड़ लिया तो प्राथमिकी दर्ज की गई लेकिन पार्षद और उसके गुर्गों के खिलाफ कोई एक्शन न लेते हुए जांच करने की बात कही है।








