वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, कई लाख की भीड़ से परिवर्तन की आहट

नई दिल्ली। दिल्ली का ऐतिहासिक रामलीला मैदान रविवार को एक बार फिर भारतीय राजनीति के एक बड़े घटनाक्रम का साक्षी बना। इंडिया ब्लॉक की ओर से आयोजित रैली में कई लाख लोगों की भीड़ उमड़ी। मैदान से लेकर आसपास की सड़कों और फ्लाईओवर तक जनसमूह का विस्तार दिखाई दिया। विपक्षी दलों की इस रैली ने न केवल केंद्र सरकार बल्कि देश की राजनीति में विपक्ष की भूमिका को लेकर भी एक बड़ा संदेश दिया है। यह संदेश है कि विपक्ष अगर बिखरा हुआ न हो और साझा मंच पर अपनी ताकत दिखाने में कामयाब हो तो जनता उसके साथ खड़ी हो सकती है।

केंद्र सरकार पर तीखे हमले

मुख्य चुनाव विपक्ष ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता को लेकर केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए।

रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के नेता तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के नेता फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती, वामपंथी नेता एमए बेबी और डी राजा समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं ने संबोधित किया।

राहुल गांधी का सीधा हमला, ज्ञानेश को जाना होगा

रैली में राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाने के लिए वोट चोरी करवाई है। राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटना होगा और उन्हें जेल भी जाना होगा।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के सहयोग के बिना न तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री।

हमारा विरोध संविधान कमजोर करने के प्रयासों का

राहुल ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति से नफरत की नहीं है, बल्कि संविधान और देश के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि वे हिंसा और नफरत का रास्ता नहीं अपनाएंगे, लेकिन संविधान को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं करेंगे।

उन्होंने बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों के अधिकारों तथा देश की संपत्ति कुछ हाथों में सिमटने का मुद्दा भी उठाया। राहुल के मुताबिक किसान को उसकी मेहनत का हक नहीं मिल रहा, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मजदूर अपने अधिकारों से वंचित हैं।

खड़गे बोले- पाताल में भी चले जाएंगे तो खोजकर लाएंगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और शाह दलितों, महिलाओं तथा युवाओं के मताधिकार को छीनने की कोशिश कर रहे हैं।

खड़गे ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, विपक्ष का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि चाहे वे पाताल में भी चले जाएं, उन्हें खोजकर लाएंगे और छोड़ेंगे नहीं।

चुनावी जनादेश चोरी का आरोप

खड़गे ने केंद्र सरकार के साथ महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों पर भी चुनावी जनादेश की चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष केंद्रीय एजेंसियों, पुलिस, सीबीआई और ईडी से डरने वाला नहीं है। इंडिया ब्लॉक के सभी नेता लड़ाई के लिए तैयार हैं।

खड़गे ने अपने भाषण में लोकतंत्र बचाने के लिए मोदी को सत्ता से हटाने का आह्वान भी किया। उनका कहना था कि लोकतंत्र को बचाने के लिए मौजूदा सत्ता को चुनौती देना जरूरी है।

ममता बनर्जी की ललकार- ज्ञानेश, कब विदा होंगे?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल एसआईआर की वजह से पीड़ित है। वे इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगी और न ही समर्पण करेंगी।

ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए ममता ने सवाल किया, ‘ज्ञानेश, तुम कब विदा होगे?’

चुनाव आयोग और पुलिस का इस्तेमाल

ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग और पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिशों का विरोध किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा पर युवाओं के रोजगार, महिलाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए। ममता ने कहा कि वे लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ेंगी और राजनीतिक लड़ाई का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।

अखिलेश ने रामलीला मैदान को बताया लोकतंत्र का हल्दीघाटी

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रैली को विपक्षी एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन बताते हुए रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी करार दिया।

उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ा जनसमर्थन और क्रांति के नारे इस बात का प्रमाण हैं कि परिवर्तन कभी भी आ सकता है।

भाजपा को दी चेतावनी

अखिलेश ने उत्तर प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए भाजपा को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत करना भी जानते हैं और विदाई देना भी। 2027 में भाजपा और उसके सहयोगियों की ऐसी विदाई होगी कि वे दोबारा लौट नहीं पाएंगे।

अखिलेश का यह बयान खास तौर पर महत्वपूर्ण है क्योंकि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। विपक्षी एकजुटता के लिहाज से भी यूपी की राजनीति में समाजवादी पार्टी की भूमिका निर्णायक हो सकती है।

तेजस्वी ने महाभारत से की राजनीतिक लड़ाई की तुलना

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में महाभारत का संदर्भ देते हुए सत्ता पक्ष पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में सामान्य तौर पर रामलीला होती है, लेकिन आज यहां वोट चोरों के खिलाफ महाभारत का आयोजन हुआ है।

तेजस्वी ने महाभारत में शकुनि के पासों का उदाहरण देते हुए कहा कि महाभारत की शुरुआत युद्ध के मैदान से नहीं, बल्कि पासों के खेल से हुई थी। आज भी अगर शकुनि अपना खेल खेल रहा है तो लड़ाई लड़ना मजबूरी है।

उनके इस बयान ने विपक्ष की लड़ाई को केवल चुनावी राजनीति तक सीमित न रखते हुए लोकतंत्र और जनादेश की रक्षा के सवाल से जोड़ने की कोशिश की।

वामपंथी दलों और दूसरे विपक्षी नेताओं की भी मौजूदगी

इस रैली में केवल कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के नेता ही नहीं, बल्कि वामपंथी दलों के प्रमुख नेता भी एक मंच पर दिखाई दिए। माकपा के महासचिव एमए बेबी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा की मौजूदगी ने विपक्षी एकजुटता को व्यापक राजनीतिक स्वरूप दिया।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती की मौजूदगी ने भी इस साझा मंच को राष्ट्रीय राजनीतिक महत्व दिया। वहीं तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी समेत विभिन्न राज्यों के नेताओं और विपक्षी प्रतिनिधियों ने आंदोलन में भाग लिया।

यह तस्वीर इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि विपक्ष के भीतर वैचारिक और क्षेत्रीय मतभेद लंबे समय से उसकी एकजुटता के सामने चुनौती बने रहे हैं। लेकिन चुनाव प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों के मुद्दे पर इन दलों का एक साथ आना राजनीतिक रूप से अहम संकेत है।

25 दिनों में सातवीं बार एक मंच पर विपक्ष

विपक्षी एकजुटता का यह प्रदर्शन अचानक नहीं हुआ है। पिछले 25 दिनों में विपक्ष इस मुद्दे पर सातवीं बार एक साथ आया है। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच छह बार प्रदर्शन किए गए थे।

एक दिन पहले भी इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर एक तरह की प्रतीकात्मक जनसंसद आयोजित की थी। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाए गए थे।

Opposition March (Image from Social Media) (1)

विपक्ष का विरोध बड़े जनप्रदर्शन में तब्दील

अब रामलीला मैदान की रैली ने इस विरोध को एक बड़े जनप्रदर्शन का रूप दे दिया है। विपक्ष का कहना है कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने से लोगों के मतदान के अधिकार पर असर पड़ रहा है। वहीं चुनाव आयोग का पक्ष है कि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन करने के लिए यह प्रक्रिया की जा रही है तथा इसमें किसी राजनीतिक दल के पक्ष में काम नहीं किया जा रहा है।

रामलीला मैदान का इतिहास फिर दे रहा है परिवर्तन का संकेत

रामलीला मैदान का भारतीय राजनीति में अपना एक अलग इतिहास है। यह मैदान कई ऐसे आंदोलनों का गवाह रहा है, जिन्होंने देश की राजनीतिक दिशा बदलने में भूमिका निभाई।

1952 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने यहीं कश्मीर सत्याग्रह किया था। 25 जून 1975 को लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने इसी मैदान में विशाल रैली कर तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ आंदोलन को निर्णायक मोड़ दिया था। उसी रात देश में आपातकाल की घोषणा हुई।

रैली में मिली विपक्ष की एकजुटता को नई ताकत

1977 में आपातकाल के बाद इसी मैदान में हुई रैली ने विपक्षी एकजुटता को नई ऊर्जा दी। इसके बाद हुए चुनाव में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई और देश में पहली गैर-कांग्रेसी सरकार बनी।

2011 में बाबा रामदेव और अन्ना हजारे के आंदोलन ने इसी मैदान को भ्रष्टाचार विरोधी जनआंदोलन का केंद्र बनाया। अन्ना आंदोलन ने देश की राजनीति में एक नई धारा को जन्म दिया। 2018 में किसान मुक्ति मार्च और 2024 में इंडिया ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ रैली भी इसी मैदान में आयोजित हुई थी।

इस तरह रामलीला मैदान केवल एक आयोजन स्थल नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र में जनआंदोलनों और राजनीतिक बदलावों का प्रतीक बन चुका है।

क्या जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है?

रविवार की रैली का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश यही है कि जनता विपक्ष की सामूहिक ताकत को देखना चाहती है। कई लाख लोगों की मौजूदगी ने यह सवाल फिर खड़ा कर दिया है कि क्या देश में राजनीतिक परिवर्तन की जमीन तैयार हो रही है?

इस भीड़ को केवल किसी एक दल या नेता के समर्थन के रूप में देखना उचित नहीं होगा। यह उस विपक्ष की ताकत का प्रदर्शन है जो साझा मंच पर एकजुट होकर सामने आया है। जनता शायद यह भी देखना चाहती है कि विपक्ष के बड़े नेता एक साथ मिलकर कितनी बड़ी राजनीतिक चुनौती पेश कर सकते हैं।

क्या सबसे बड़ी समस्या बिखरी ताकत से उबर गया विपक्ष

दरअसल, विपक्ष के सामने अब तक सबसे बड़ी समस्या उसकी बिखरी हुई ताकत रही है। अलग-अलग दलों के अपने राजनीतिक हित, नेतृत्व की महत्वाकांक्षाएं और क्षेत्रीय समीकरण उसकी सामूहिक क्षमता को कमजोर करते रहे हैं। जनता के सामने भी यह सवाल रहा है कि अगर विपक्ष सत्ता में आता है तो क्या वह एकजुट रहकर सरकार चला पाएगा?

रामलीला मैदान की भीड़ इस लिहाज से विपक्ष के लिए एक बड़ी उम्मीद लेकर आई है। यह जनता की उस संभावित आकांक्षा का संकेत हो सकती है जिसमें वह सत्ता में परिवर्तन तो चाहती है, लेकिन उसके सामने एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प भी देखना चाहती है।

विपक्ष की मंजिल अभी दूर है

हालांकि किसी रैली में उमड़ी भीड़ को सीधे चुनावी परिणाम का संकेत मान लेना जल्दबाजी होगी। विपक्ष को इस जनसमर्थन को राजनीतिक समर्थन में बदलने के लिए अपनी एकजुटता, साझा कार्यक्रम और नेतृत्व की स्पष्टता भी साबित करनी होगी।

लेकिन इतना तय है कि रामलीला मैदान से उठी आवाज को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। 1977 में इसी मैदान से निकली राजनीतिक ऊर्जा ने सत्ता परिवर्तन की जमीन तैयार की थी। 2011 में इसी मैदान ने भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को देशव्यापी पहचान दी थी।

राजनीतिक संभावना की दस्तक

अब 2026 में एक बार फिर इसी मैदान पर विपक्षी एकजुटता और जनभागीदारी का विशाल प्रदर्शन हुआ है। यह परिवर्तन की घोषणा है या उसकी आहट, इसका फैसला आने वाला समय करेगा। लेकिन विपक्ष ने सत्ता को यह संदेश जरूर दे दिया है कि वह अब अलग-अलग लड़ने के बजाय साझा मोर्चे पर चुनौती देने की कोशिश कर रहा है।

रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब सिर्फ विपक्ष की ताकत का प्रदर्शन नहीं, बल्कि उस राजनीतिक संभावना की दस्तक भी है, जिसे विपक्ष अगर एकजुटता और भरोसे में बदल सका तो आने वाले समय में देश की राजनीति का बड़ा समीकरण बदल सकता है।

Tesari Aankh
Author: Tesari Aankh

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें