त्योहारी सीजन और राज्यों में होने वाले चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर देश तोड़ने की साजिशें तेज हो गई हैं। लेकिन ये साजिशें अगर राजनीतिक दलों द्वारा रची जाएं तो बड़ा सवाल खड़ा होता है। यहां पक्ष विपक्ष के आरोप की बात नहीं है। सवाल हमारे देश के युवाओं के भविष्य का है। उन्हें कब तक ओछे राजनीतिक हथकंडों की गंदी चाल का मोहरा बनाया जाता रहेगा। विपक्ष क्यों युवाओं के बेहतर भविष्य का कोई रोडमैप तैयार नहीं करता। क्यों उनके लिए कोई प्लान लेकर नहीं आते। युवाओं के लिए न सही देश की जनता के लिए ही कोई बेहतर प्लान लाएं। उसकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ें। उसकी समस्याओं के लिए संघर्ष करें।
जनता से कटा विपक्ष ढूंढ रहा शार्टकट
देश का दुर्भाग्य है कि सूचना क्रांति आने के बाद देश का सत्ता पक्ष और विपक्ष जनता से पूरी तरह कट चुका है। सबको जनता पर शासन करने के लिए लाइसेंस चाहिए जो कि वोट से मिलेगा। और सबको यकीन है कि वोट को खरीदा जा सकता है चाहे वह धनबल का इस्तेमाल हो या भावनात्मक हथियार हो।
अफसोस की बात ये है कि हमारे देश में आज भी चुनाव के समय गरीब जनता का वोट हजार पांच सौ रुपये या शराब के एक पाउच में बिक जाता है। या फिर धार्मिक भावनाओं को भड़का कर या एक दूसरे को लड़ाकर या एक दूसरे से आतंकित करके खुद को रहनुमा दिखाकर वोट लेने का रास्ता खुल जाता है।
जनता से बात करने की किसी को फुर्सत नहीं
चाहे वह अदना सा सभासद हो या पार्षद, महापौर हो या मेयर, विधायक हो या सांसद किसी के पास जनता के बीच जाने की फुर्सत नहीं है। वह दरबार लाएंगी राजशाही के अंदाज में जनता उनके चरणों में गिर कर गुहार लगाए या फिर 90 फीसदी जन प्रतिनिधि एक्स पर जनता के बीच मौजूदगी दर्ज कराते हैं। बड़े नेता क्या छोटे नेता क्या जनसभाएं होनी बंद हो चुकी हैं। जनसभाएं पांच साल में एक बार होने वाला कार्यक्रम है जिसमें एक बार चेहरा दिखाकर वोट की गुहार कर ली जाती है।
नेता जानता है कि जाति के नाम पर लोग आराम से बुद्धू बन जाते हैं। धर्म के नाम पर मूर्ख बनाना आसान है। अगर हम नहीं होंगे तो दूसरा तुमको खा जाएगा यानी आतंकित करके वह अपना उल्लू सीधा कर सकता है। जनता एक बार उंगली पर नीली स्याही लगवाने के बाद अपने हाथ और जबान कटवा देती है।
ईवीएम बनाम मोहरे पिटवाने का खेल
हर पांच साल में ये प्रक्रिया दोहराई जाती है। रही सही कसर ईवीएम ने पूरी कर दी। आरोपों पर गौर करें तो पहले से सैट है कोन जीतेगा कौन हारेगा, बस पारदर्शिता के लिए अपने कुछ मोहरों को पिटवाना ही तो है। उसके बाद तो चुनाव पूरी तरह पाक साफ हुए का तमगा मिल ही जाएगा।
जनता हर बार छली जाती है लेकिन वह छले जाने के लिए बनी है। लेकिन इधर एक नया ट्रेंड चला है वह है किशोरों और युवाओं को निशाने पर लो, क्योंकि उन्हें भड़काना बरगलाना आसान होता है। दिल्ली में जेएनयू तो काफी पहले ही इस गैंग का हेडक्वार्टर बना हुआ है जो देश तोड़ने के मिशन पर काम कर रहा है, अरविंद केजरीवाल ने भी युवाओं को खूब बरगलाया मलाई काटी लेकिन अब काकरोच गैंग और उसके समर्थन में जिस तरह से कांग्रेस और अन्य विरोधी दल बढ़ रहे हैं वह देश के लिए घातक है।
छात्रों को मोहरा बनाने की साजिश
आज समाचार पत्र जामिया में देश विरोधी नारों से रंगे हुए हैं। अगर मांग छात्र संघ बहाली की है तो उसमें देश विरोधी नारों का क्या काम। आपको सेना को निशाना बनाने का अधिकार किसने दे दिया। फ्री शरजिल इमाम, फ्री कश्मीर लिखना किसने सिखाया।
जामिया प्रशासन ने इसका सारा ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ा है। उसने स्पष्ट कहा है कि सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सीढ़ी लगाकर जामिया परिसर में घुसे और छात्रों को भड़काया। इससे एक दिन पहले कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी भी गेट तोड़कर समर्थकों के साथ कालेज में घुसे थे। इसके अलावा आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन से जुड़े लोग भी कालेज में घुस चुके हैं।
इसका मतलब क्या समझा जाए। क्या कांग्रेस राजनीति से भाग रही है, क्या वह तोड़फोड़ के रास्ते पर चलकर सत्ता हथियाना चाहती है। जिस तरह कांग्रेस नेतृत्व ने भिंडरावाले को तैयार किया था, क्या उसी परिपाटी पर चल कर कितने भिंडरावाले और तैयार करने का इरादा है।








