Ragini MMS 3: पॉपुलर हॉरर फ्रैंचाइज़ी ‘रागिनी एमएमएस’ की तीसरी किस्त को लेकर एक नई अपडेट सामने आई है। फिल्म के मेकर्स ने कास्ट में आरजे महवश को भी शामिल कर लिया है। बताया जा रहा है कि महवश ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। इस अलौकिक थ्रिलर का निर्देशन शशांका घोष कर रहे हैं, जो ‘खूबसूरत’ और ‘वीरे दी वेडिंग’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
कौन कौन रहेगा मुख्य भूमिकाओं में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शशांका घोष इस फिल्म को एक ‘डेट नाइट थ्रिलर’ के तौर पर बना रहे हैं, जिसमें हॉरर, सस्पेंस और एंटरटेनमेंट का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा। आरजे महवश के जुड़ने के बाद फिल्म की स्टारकास्ट और भी दिलचस्प हो गई है। फिल्म में आयुष शर्मा, जुनैद खान, तमन्ना भाटिया और नरगिस फाखरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
टाइम्स एंटरटेनमेंट की रिपोर्ट के अनुसार, नरगिस फाखरी फिल्म में एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाती दिखाई देंगी। खास बात यह है कि ‘रागिनी एमएमएस 3’ अपनी पिछली फिल्मों के फॉर्मूले से कुछ अलग नजर आएगी। जहां फ्रैंचाइज़ी की पिछली फिल्मों में हॉरर के साथ बोल्ड और कामुक कंटेंट भी देखने को मिला था, वहीं इस बार मेकर्स का फोकस अलौकिक हॉरर पर ज्यादा रहने वाला है।
डरावना माहौल, खौफनाक घटनाएं फिल्म का अहम हिस्सा
फिल्म में डरावना माहौल, रहस्य, सस्पेंस और खौफनाक घटनाओं को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि तीसरी किस्त फ्रैंचाइज़ी को एक नई दिशा देने की कोशिश करेगी। हॉरर के साथ इसमें कॉमेडी और मनोरंजन का तड़का भी देखने को मिलेगा।
हालांकि, ‘रागिनी एमएमएस 3’ का सफर इतना आसान नहीं रहा है। फिल्म की शूटिंग पहले जनवरी में शुरू होने वाली थी, लेकिन निर्देशक साहिर रजा के प्रोजेक्ट से अलग होने के बाद इसकी शूटिंग टल गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स की एक सीरीज से जुड़ी व्यस्तताओं के चलते साहिर रजा ने फिल्म से दूरी बना ली थी। इसके बाद कुछ समय के लिए फिल्म का निर्माण रुक गया और इसकी रिलीज को लेकर भी असमंजस की स्थिति बन गई थी।
इसी साल रिलीज करने का प्लान
अब शशांका घोष के निर्देशन की कमान संभालने के बाद फिल्म एक बार फिर पटरी पर लौट आई है। उनके जुड़ने के बाद प्रोजेक्ट पर काम दोबारा शुरू हो गया है और मेकर्स अब इसे जल्द पूरा करने की तैयारी में जुटे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म को इसी साल के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
‘रागिनी एमएमएस’ फ्रैंचाइज़ी ने हॉरर, अलौकिक घटनाओं और फाउंड-फुटेज स्टाइल की कहानी के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है। अब तीसरी फिल्म में नए निर्देशक और नई स्टारकास्ट के साथ कहानी को एक नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की जा रही है।
फिल्म की शूटिंग आगे बढ़ने के साथ अब दर्शकों की नजर इसकी कहानी, किरदारों और रिलीज डेट से जुड़ी आधिकारिक घोषणाओं पर रहेगी। आरजे महवश की एंट्री ने भी फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।








