फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है। उनकी बेटी इदा अली ने अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड कृष अग्रवाल से सगाई कर ली है। इदा ने इस खास पल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर अपने फैंस को यह खुशखबरी दी।
वीडियो में देखा जा सकता है कि नॉर्वे के खूबसूरत समुद्री तट पर कृष अग्रवाल घुटनों के बल बैठकर इदा को प्रपोज करते हैं। इदा ने इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, 01/07/26 11pm Ytresand.
इसके अलावा उन्होंने प्रपोजल की कई खूबसूरत तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
सितारों और फैंस ने दी बधाई
इदा अली की पोस्ट पर बॉलीवुड सितारों और फैंस ने जमकर बधाइयां दीं।
अभिनेत्री खुशी कपूर ने लिखा, So Cute.
अभिनेता वेदांग रैना और अभिनेत्री शरवरी ने भी दोनों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
फैंस ने भी कमेंट सेक्शन में दोनों के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, Congratulations to you both. वहीं दूसरे ने लिखा, So dreamy and beautiful.
पिता की राह पर चल रहीं इदा अली
इदा अली भी अपने पिता इम्तियाज अली की तरह फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कैमरे के पीछे काम करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है और कई प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही हैं।
दूसरी ओर, इम्तियाज अली इन दिनों अपनी हालिया निर्देशित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इस पीरियड ड्रामा में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।








