Ganga-Mahakam Vision: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की संसद में अपने ऐतिहासिक संबोधन के दौरान भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई दिशा देने के लिए “गंगा-महाकम विज़न” का आह्वान किया। भारत की गंगा और इंडोनेशिया की महाकम नदी से प्रेरित इस विज़न को उन्होंने दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और भविष्य की रणनीतिक साझेदारी का नया आधार बताया। प्रधानमंत्री ने व्यापार, तकनीक, समुद्री सुरक्षा, कनेक्टिविटी और ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज़ को मजबूत करने जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
गंगा महाकम विजन
मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि हजारों वर्षों पुरानी सभ्यतागत साझेदारी पर आधारित हैं। उन्होंने भविष्य के संबंधों के लिए “गंगा-महाकम विज़न” का कॉन्सेप्ट पेश करते हुए कहा कि जिस तरह गंगा और महाकम दोनों अपने-अपने देशों की सभ्यता और संस्कृति की जीवनरेखा हैं, उसी तरह दोनों देशों की साझेदारी भी विकास, रणनीतिक भरोसे, समुद्री समृद्धि और बहुपक्षीय सहयोग की नई धारा बन सकती है। इस विज़न के जरिए उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत और इंडोनेशिया हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता, समृद्धि और संतुलन के लिए मिलकर काम करेंगे।
कुछ कुछ होता है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकार्ता में भारत और इंडोनेशिया के बीच मौजूद बेहद खास बॉलीवुड कनेक्शन का भी दिलचस्प अंदाज में उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश में भारतीय फिल्मों और गानों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी वहां शाहरुख खान की 1998 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के गीत लोगों की जुबान पर हैं।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस सांस्कृतिक जुड़ाव को बेहद सहज अंदाज में पेश किया। उन्होंने कहा, “यहां भारत का गाना ‘कुछ कुछ होता है’ बहुत ज्यादा लोकप्रिय है। आज मैंने राष्ट्रपति प्राबोवो से भी कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया जैसे दो महान देश मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो यह सिर्फ ‘कुछ कुछ’ नहीं रह जाता, बल्कि ‘बहुत कुछ होता है’ बन जाता है।”
करण जौहर हुए खुश
प्रधानमंत्री द्वारा वैश्विक मंच पर फिल्म का जिक्र किए जाने के बाद मशहूर फिल्मकार करण जौहर ने भी खुशी जाहिर की। उनके प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रधानमंत्री के भाषण का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि सिनेमा और संगीत में सीमाओं को मिटाकर पूरी दुनिया को जोड़ने की अद्भुत शक्ति होती है। पोस्ट में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जकार्ता में ‘कुछ कुछ होता है’ को मिले वैश्विक प्यार का उल्लेख किया जाना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
गौरतलब है कि करण जौहर ने वर्ष 1998 में ‘कुछ कुछ होता है’ से अपने निर्देशन करियर की शुरुआत की थी। यह फिल्म उस वर्ष की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इसके गीतों ने दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल की। शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली यह फिल्म भारत के अलावा ब्रिटेन, अमेरिका और इंडोनेशिया सहित कई देशों में बेहद पसंद की गई तथा बॉलीवुड को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यहां भी पहले प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बन गए हैं। जकार्ता में सांसदों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के रिश्ते साझा सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और भविष्य की समान सोच पर आधारित हैं। भारत को “लोकतंत्र की जननी” बताते हुए उन्होंने कहा कि नई दिल्ली लोकतांत्रिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों देशों को स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार बताते हुए कहा कि सदियों पुराने समुद्री संपर्क, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और ऐतिहासिक रिश्ते अब “गंगा-महाकम विज़न” के माध्यम से नई ऊर्जा और नई दिशा प्राप्त करेंगे। यही विज़न आने वाले समय में भारत-इंडोनेशिया संबंधों के अगले अध्याय की आधारशिला बन सकता है।
इसे भी पढ़ें- https://tesariaankh.com/yogi-targets-congress-sp-waqf-ayodhya-statement/








