Masters Athletics: 46वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 28 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित चंद्रशेखर नायर स्टेडियम में किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के पोस्ट ग्रेजुएट योग के छात्र जयप्रकाश ने शानदार प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
जयप्रकाश ने 5 किलोमीटर रेस वॉक स्पर्धा में अपने आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतते हुए न केवल राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया, बल्कि अगस्त 2026 में दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली विश्व मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश, विश्वविद्यालय और देश—तीनों के लिए गर्व का विषय है।

खेल इतिहास में जयप्रकाश की यह सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि वे स्वतंत्र भारत में ऐसे पहले एथलीट बन गए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय, एशियाई और विश्व मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। अब तक विभिन्न आयु वर्गों में देश को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कुल तीन स्वर्ण पदक मिले हैं, लेकिन यह उपलब्धि एक नया अध्याय जोड़ती है।
https://x.com/ColSarvatraSprs/status/2018149791231013021?s=20
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए जयप्रकाश ने विश्वविद्यालय के कुलपति को अपना प्रेरणा स्रोत बताया और विश्वविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, मार्गदर्शकों और साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, योग और अनुशासन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
https://tesariaankh.com/current-affairs-india-global-biopharma-hub-budget-2026/
जयप्रकाश मूल रूप से अयोध्या जनपद के रेतिया मोहल्ला के निवासी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से देश, प्रदेश और विश्वविद्यालय परिवार के युवाओं में जबरदस्त उत्साह और प्रेरणा का माहौल है। खेल जगत में उनकी यह जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बनकर उभरी है।








