Dahod-Vadodara Latest News: गुजरात के दाहोद जिले में एक शादी समारोह के दौरान परोसा गया खाना अचानक सैकड़ों लोगों के लिए मुसीबत बन गया। इस घटना में 222 लोग बीमार पड़ गए, जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना कल रात की है। जो कि आज सुबह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा में आई।
घटना दाहोद जिले के गरबाड़ा तालुका के आभलोड गांव में सोमवार शाम हुई, जहां एक निजी शादी समारोह में करीब 1,000 से 1,200 लोगों ने भोजन किया था। कुछ ही समय बाद बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त, जी मिचलाना और पेट दर्द जैसी समस्याएं होने लगीं, जिसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
https://x.com/GaganPratapMath/status/2046437068734398528?s=20
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पनीर की सब्जी, पूरी, आम का जूस और पानी (टैंकर व स्थानीय स्रोत) के नमूने जांच के लिए वडोदरा स्थित फूड एंड ड्रग लैबोरेटरी भेज दिए हैं। इसके साथ ही पनीर और आम जूस के सप्लायर्स से भी अतिरिक्त सैंपल लिए गए हैं, ताकि संक्रमण के स्रोत का पता लगाया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया मामले को लेकर गंभीर, विस्तृत रिपोर्ट मांगी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 222 लोगों में लक्षण पाए गए, जिनमें से 184 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 34 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। अन्य मरीजों का इलाज स्थानीय अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है, जो 1-2 दिनों में सामने आ सकती है। वहीं, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की टीम भी जांच में सहयोग कर रही है।
प्रारंभिक जांच में अभी तक संक्रमण के स्रोत की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों का खराब होना या स्वच्छता में कमी ऐसे मामलों की बड़ी वजह बनती है।
बढ़ती चिंता: खाना अब कितना सुरक्षित?
यह घटना एक बार फिर इस गंभीर सवाल को सामने लाती है कि आखिर आम आदमी क्या खाए और किस पर भरोसा करे। शादी-ब्याह जैसे बड़े आयोजनों में खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर अक्सर लापरवाही बरती जाती है, जिसका खामियाजा लोगों को अपनी सेहत से चुकाना पड़ता है।
https://tesariaankh.com/current-affairs-hdfc-life-reappoints-vibha-padalkar-md-ceo/
फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है और किसी की मौत की खबर नहीं है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक चेतावनी है, जिसे नजरअंदाज करना अब संभव नहीं।








